
राज्य सरकार के महत्त्वाकांक्षी वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026 के तहत सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पोस्टर का विमोचन किया गया। जिला प्रभारी सचिव महावीर प्रसाद मीणा और जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने संयुक्त रूप से पोस्टर का अनावरण कर जिले में अभियान की औपचारिक शुरूआत की। मीणा ने जल संरक्षण को वर्तमान की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया। उन्होंने कहा कि मरुस्थलीय जैसलमेर में जल का महत्त्व और अधिक बढ़ जाता है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
उन्होंने इस अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित न रखकर जन आंदोलन बनाने का संदेश दिया। कलक्टर जोरवाल ने बताया कि जिलेभर में जल स्रोतों की साफ-सफाई, पौधरोपण, जल संरक्षण शपथ, रैलियां व संगोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों से नवाचारों को बढ़ावा देने और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर परसराम सैनी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।