स्वर्णनगरी में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली और दिन भर बदलते मिजाज ने लोगों को चौंका दिया। सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई थी और हल्की बूंदाबांदी के कारण वातावरण में ठंडक महसूस होने लगी। सामान्यतः गर्मी की ओर बढ़ते मौसम के बीच यह बदलाव अप्रत्याशित रहा। दिन चढ़ने के साथ बूंदाबांदी का सिलसिला रुक-रुक कर जारी रहा। दोपहर के समय शीतल हवाएं चलने लगीं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम में आई इस ठंडक से जहां लोगों को राहत मिली, वहीं अचानक हुए परिवर्तन ने दैनिक गतिविधियों को प्रभावित किया। शाम करीब पांच बजे मौसम ने तेज रूप ले लिया। गड़गड़ाहट के साथ बारिश शुरू हुई, जो कभी धीमी तो कभी तेज रफ्तार से जारी रही। इस दौरान सड़कों पर आवाजाही कम हो गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जाते नजर आए।