गुड फ्राइडे के अवसर पर चर्चों में श्रद्धा और भावनाओं का अनूठा संगम देखने को मिला। वायुसेना मार्ग स्थित सेंट पॉल चर्च और बाड़मेर रोड स्थित इमानुअल मिशन स्कूल चर्च में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए। सभी ने यीशु मसीह के बलिदान को स्मरण करते हुए उनकी शिक्षाओं को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। प्रार्थना और पश्चाताप के दौरान वातावरण अत्यंत भावुक हो उठा। कई श्रद्धालुओं की आंखें नम नजर आईं। क्रॉस परिक्रमा कर श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था प्रकट की और मानवता, प्रेम तथा त्याग के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की भावना व्यक्त की। इस अवसर पर चर्चों में भजनों और आराधना की मधुर ध्वनि गूंजती रही। दया के सागर तुम महान हो, आराधना प्रभु आराधना तेरी, सारी सृष्टि गाती है अल्लेलूया होसाना… जैसे भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं ने अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। दोपहर तक सैकड़ों की संख्या में लोग चर्च पहुंचे और सामूहिक प्रार्थनाओं में भाग लिया। पूरे दिन श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही, जिससे चर्च परिसर श्रद्धा और भक्ति के वातावरण से सराबोर नजर आया।