
जैसलमेर जिले के बडोड़ा गांव के पास चार दिन पहले हुए ब्लाइंड मर्डर के मामले का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी का एक नाबालिग लडक़ी से प्रेम-प्रसंग चल रहा था, जिसकी जानकारी मृतक को लग गई थी, जिसको छिपाने के लिए हत्या की गई। पुलिस ने इस मामले में 22 वर्षीय आरोपी नखतु पुत्र हेमाराम ओड निवासी पोहड़ा को दस्तयाब करने के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने गुरुवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस की कार्रवाई की जानकारी दी। गौरतलब है कि गत 2 फरवरी को देर शाम उगमसिंह (35) पुत्र हरलालसिंह निवासी डेरियों की ढाणी का शव उसकी ढाणी से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित भूरा बाबा मंदिर के पास मिला था। जिसकी हत्या होने संबंधी रिपोर्ट मृतक के भाई जगमालसिह निवासी बडोड़ा गांव ने पुलिस थाना सदर जैसलमेर में पेश की थी। रिपोर्ट में उसने बताया कि उसका भाई उगमसिंह खेत में बनी ढाणी में रहता है। ढाणी के पास भूरा बाबा का मन्दिर है, जहां पर 2 फरवरी की रात्रि में उसके भाई की निर्मम तरीके से अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी। मृतक के शरीर व सिर पर कई चोटों के निशान थे तथा एक कान भी कटा हुआ था। जगह -जगह पर खून भी बिखरा हुआ है। भाई की मोटरसाइकिल व मोबाइल भी मौके से गायब थे। हत्या के इस मामले से क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मृतक के परिजनों व अन्य लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक शव को उठाने से इनकार कर दिया और वे मोर्चरी के बाहर धरना देकर बैठ गए।