
पोकरण क्षेत्र के फलसूंड गांव में शनिवार को बड़ी संख्या में किसानों का सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें किसानों ने ग्राम सेवा सहकारी समितियों की ओर से किए गए बीमा क्लेम राशि के गबन के मामले की जांच कर कार्रवाई करने और किसानों को क्लेम राशि दिलाने की मांग को लेकर धरना देकर विरोध जताया। किसान सम्मेलन व धरने में उपस्थित जसवंतसिंह भुर्जगढ़, अर्जुनसिंह फलसूंड, भीमाराम प्रभुपुरा, मदनसिंह खुमाणसर, मनोहरसिंह मानासर, विजयराम खुमाणसर, लधेखां स्वामीजी की ढाणी, देवाराम पदमपुरा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। किसानों ने बताया कि ग्राम सेवा सहकारी समिति फलसूंड, स्वामीजी की ढाणी, मानासर, पदमपुरा, भुर्जगढ़, दांतल में बड़ी संख्या में किसानों की बीमा क्लेम राशि का गबन किया गया है। ये सभी समितियां दी जैसलमेर सैंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक राजमथाई के अंतर्गत आती है।