
-जिला मुख्यालय कंट्रोल रूम 0291 2650519
जोधपुर।
बिपरजॉय को लेकर जोधपुर प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया । जिले के सभी उपखंड स्तर पर गुरुवार को उपखंड अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकें की। इसके अलावा प्रशासन ने जिले के हजारों लोगों को ब्लक एसएमएस कर अगले 24 घंटे में 55 किमी रफ्तार से हवा चलने की आशंका के दौरान सावचेत बरतने की अपील की है। इसके अलावा आज पूरे दिन विभिन्न विभागों से समन्वय कर तैयारियां जांची गई।
देर शाम को एसडीआरएफ के अतिरिक्त् पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल भी जोधपुर पहुंच गए । सोनवाल ने बताया कि इस तूफान को ध्यान में रखते हुए पूरे संभाग के लिए 11 टीमें तैनात की गई है। इनमें पाली में दो, जालौर में तीन, सिरोही में दो, बाड़मेर में दो एवं जोधपुर व जैसलमेर में एक एक टीम तैनात की गई है। प्रत्येक टीम में दस लोग हैं। जो आपातकालीन स्थिति में सहायता उपलब्ध करवाएंगे।
इधर जिला कलक्टर हिमांशु गुप्ता के निर्देश पर जिले भर में उपखण्ड अधिकारियों ने गुरुवार को बैठक लेकर सभी स्तरों के अघिकारियों को चक्रवाती तूफान बिपरजॉच के मद्देनज़र सतर्कता बरतने और सावधानियों को अपनाने के निर्देश दिए हैं।
नियंत्रण कक्ष स्थापित
बिपरजॉय को देखते हुए जिलास्तर, विभिन्न विभागों और जिले भर में विभिन्न कार्यालयों में नियंत्रण कक्षों की स्थापना की गई है। किसी भी प्रकार की समस्या होने तथा जानकारी पाने के लिए इनसे सम्पर्क किया जा सकता है। जिला प्रशासन ने डिस्कॉम, नगर निगमों, जलदाय सहित विभिन्न आवश्यक विभागों एवं एजेंसियों के अधिकारियों को बिपरजॉय से नुकसान की आशंका से बचाव तथा इससे जुड़ी कार्ययोजना पर चर्चा की और हर स्तर पर मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।
चिकित्सालयों में ऐहतियाती प्रबन्ध सुनिश्चित
बिपरजॉय के संभावित खतरों के मद्देनज़र जिला कलक्टर के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा चिकित्सालयों का दौरा किया गया एवं संबंधितों को निर्देश दिए कि आवश्यकता पड़ने की स्थिति में सभी प्रकार के चिकित्सकीय प्रबन्ध सुनिश्चित रखें।