
जोधपुर.
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता व विधायक सतीश पूनिया ने कहा कि कांग्रेस सरकार का पगफेरा ही खराब है। पिछली बार इनकी सरकार थी तो प्रसूताओं की मौत हुई और अब स्वाइन फ्लू के दो हजार से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। भाजपा कार्यालय में पूनिया का स्वागत किया गया। इस मौके पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए संघर्ष की शुरुआत हो चुकी है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के जेल भरो आंदोलन को लेकर दिए गए बयान पर उन्होंने कहा कि सरकार द्वेष से काम कर रही है। उनकी धमकी का असर तो हुआ नहीं बल्कि हमारे आंदोलन की धमकी का असर हुआ कि बेरोजगारी भत्ते की घोषणा करनी पड़ी। कर्जा माफी पर वोट तो बटोर लिए, अब कर नहीं पा रहे हैं। ऐसी सूचना है कि 8 तारीख के आंदोलन से पहले ग्राम सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से दिखावटी प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे। सवर्ण आंदोलन पर भी उन्होंने अपनी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकसभा की तैयारियों के लिए मुस्तैद रहने की अपील की।
इसी माह प्रदेश दौरे पर शाह-मोदी
उन्होंने बताया कि तीन-तीन लोकसभा क्षेत्रों का एक क्लस्टर बनाया गया है। उसमें संगठनात्मक गतिविधियां शुरू हो गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 10 को शक्ति केन्द्र संयोजकों का सम्मेलन जयपुर में लेंगे। इसी माह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी प्रदेश का दौरा करेंगे।
‘पप्पू’ फेल हुआ तो बबली को लाए
कांग्रेस में ‘पप्पू’ फेल हुआ तो अब ‘बबली’ को लाए हैं। लेकिन उनका ‘बंटी’ तो पहले ही अग्रिम जमानत पर है। कांग्रेस प्रियंका को तुरुप का इक्का बताती है तो इतने दिन जोकर से काम क्यों चला रही थी? अब इन बंटी-बबली की फिल्म चलने वाली नहीं है।