
जोधपुर. रातानाडा सर्किट हाउस रोड पर यूथ हॉस्टल के पास रविवार देर रात तेज रफ्तार में एकदम ब्रेक लगाने से एक कार अनियंत्रित हो गई और उलटी दिशा में घूमकर डिवाइडर पर लगी लोहे की रैलिंग से न सिर्फ टकरा गई, बल्कि रैलिंग के ऊपर जा चढ़ी। कार का आगे का हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया। उसमें लगे एयर बैग खुल गए। कार के पीछे आ रही मोटरसाइकिल भी चपेट में आ गई। उस पर सवार वृद्ध व एक युवक के चोट आई। हादसा होने पर आस-पास के लोग वहां जमा हो गए। उन्होंने रातानाडा गणेशपुरा निवासी चालक को कार से बाहर निकाला। एयर बैग खुलने से उसके कोई चोट नहीं आई। हैड कांस्टेबल मुकनाराम पुलिस मौके पर पहुंचे और क्रेन की मदद से कार को नीचे उतारकर थाने ले गई। मोटरसाइकिल सवार दोनों व्यक्तियों को प्राथमिक इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।