
जोधपुर.
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का राजस्थान गौरव यात्रा के जोधपुर संभाग में समापन और जोधपुर में रात्रि विश्राम के बाद अब जयपुर पहुंचने का कार्यक्रम है। अगर एटीसी की क्लियरेंस मिली तो वे विमान से जयपुर जाएंगी और क्लियरेंस नहीं मिली तो पाली होते हुए सड़क मार्ग से जयपुर पहुंच सकती हैं।
वे राजस्थान गौरव यात्रा के समापन के बाद रविवार रात बाड़मेर से जोधपुर पहुंची थीं। खराब मौसम के कारण उन्होंने जोधपुर में ही रात्रि विश्राम किया था। बाड़मेर में गौरव यात्रा के दौरान रविवार रात को नागणेच्या माता मंदिर में दर्शन के बाद जयपुर जाते समय मौसम खराब होने के कारण मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के प्लेन को जोधपुर एयरपोर्ट पर लैंड कराना पड़ा। एयर क्लियरेंस नहीं मिलने के कारण मुख्यमंत्री एयरपोर्ट से अजीत भवन पहुुंचीं। उन्होंने अजीत भवन में ही रात्रि विश्राम किया। यहां से सोमवार सुबह उनका जोधपुर से विमान के जरिये जयपुर पहुंचने का कार्यक्रम था, लेकिन ताजा जानकारी के अनुसार मौसम अब तक सही नहीं होने के कारण उनके कार्यक्रम को लेकर पसोपेश की स्थिति रही। मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए अजीत भवन के पास जाब्ता तैनात किया गया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षा का माकूल बंदोबस्त किया है।
अजीत भवन पहुंचे कई नेता
मुख्यमंत्री से मिलने के लिए महापौर घनश्याम ओझा और भाजपा के शहर जिला अध्यक्ष देवेंद्र जोशी सहित कई नेता अजीत भवन में प्रवेश कर चुके हैं, लेकिन विधायक सूर्यकांता व्यास की गाड़ी जैसे ही अजीब और गेट पर पहुंची, उनकी गाड़ी को रोक लिया गया, उन्हें अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया।
मुख्यमंत्री से मिलने पहुंची थीं सूर्यकांता व्यास
सूरसागर विधायक सूर्यकांता व्यास मुख्यमंत्री से मिलने के लिए अजीत भवन पहुंची थीं, लेकिन उन्हें अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया। विधायक सूर्यकांता व्यास की गाड़ी करीब 5 मिनट तक अजीत भवन के गेट के बाहर खड़ी रही। उसके बाद विधायक ने इशारा किया और ड्राइवर ने गाड़ी पीछे मोड़ ली, उसके बाद विधायक यहां से चली गईं।
रात को जोधपुर पहुंची थीं
गौरतलब है कि बाड़मेर में गौरव यात्रा के समापन के बाद मुख्यमंत्री को कल रात को जयपुर लौटना था। इसलिए मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से जोधपुर पहुंची थीं, लेकिन जयपुर में मौसम खराब होने के कारण मुख्यमंत्री ने हवाई मार्ग से जयपुर जाना निरस्त कर दिया उसके बाद मुख्यमंत्री रात को जोधपुर के अजीत भवन में ही रुकी और अभी तक अजीत भवन रुकी हुई हैं।
जयपुर पहुुंचने के कार्यक्रम में बदलाव
अभी कुछ समय बाद कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से जयपुर के लिए रवाना होंगी, क्योंकि जयपुर में मौसम खराब होने के कारण मुख्यमंत्री हवाई मार्ग से जयपुर नहीं जाएंगी। अगर एटीएस से क्लियरेंस मिल गई तो जोधपुर से बिलाड़ा बर मार्ग पर काम चलने के कारण स्थिति खराब है, इसलिए मुख्यमंत्री पाली होते हुए जयपुर जा सकती हैं।