
जोधपुर. मुंबई, कोंकण और गोआ तट पर भारी वर्षा कर रहा अरबसागर का सिस्टम धीरे-धीरे ऊपर की ओर बढ़ रहा है। इससे सोमवार को पूर्वी राजस्थान में हल्की बरसात शुरू हो गई है। जोधपुर सहित थार क्षेत्र के जिलों में दो दिन बाद बादलों की घनी आवाजाही शुरू हो जाएगी और चार दिन बाद बरसात का दौर शुरू होगा जो अगले चार-पांच दिन जारी रहेगा। फिलहाल तापमान चालीस डिग्री से ऊपर रहने से मारवाड़ के लोग उमस से हलकान हैं। मौसम विभाग के अनुसार लगातार तापमान अधिक होने थार के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इससे नमी तेजी से थार की तरफ खिंची चली आएगी।
सूर्यनगरी में सोमवार को न्यूनतम तापमान 31.3 डिग्री रहा। हवा में 58 फीसदी नमी के कारण सुबह से ही उमस के मारे शहरवासियों की हालत पस्त हो गई। बादलों की हल्की आवाजाही के साथ तेज धूप रही। दिन चढऩे के साथ गर्मी बढ़ती गई। लोग तेज धूप में परेशान हो गए। दोपहर में तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गर्मी ने रात को भी बेहाल किए रखा। ग्रामीण हिस्सों में भी ऐसा ही मौसम रहा। हवा की गति धीमी पडऩे से अब मानसूनी बरसात के अनुकूल मौसम बनने लगा है।
बाड़मेर और जैसलमेर में भी भयंकर तपिश रही। जैसलमेर में रात का तापमान 26.9 और दिन का 42 डिग्री मापा गया। बाड़मेर में न्यूनमम तापमान 27.1 और अधिकतम 41 डिग्री रहा।