
जोधपुर. आर्थिक संकट से जूझ रहे जेट एयरवेज ने देश के कई एयरपोर्ट को फिर से पुराने दौर में लाकर खड़ा कर दिया है। जोधपुर एयरपोर्ट पर अब एकमात्र एयर इंडिया की जोधपुर से दिल्ली व मुम्बई फ्लाइट उपलब्ध है। हालत यह है कि जोधपुर एविएशन फिर से 18 साल पहले के दौर में पहुंच गया है। इससे देश के आम नागरिक को हवाई सफर सुलभ कराने की सरकार की ‘उड़ान’ योजना को करारा झटका लगा है।
वर्ष 2001 से पहले जोधपुर में सरकारी एयरलाइंस कम्पनी एयर इंडिया ही दिल्ली-मुम्बई के लिए हवाई सेवा का संचालन करती थी। अगस्त 2001 में जेट एयरवेज ने जोधपुर में कदम रखे और जोधपुर-दिल्ली उड़ान के साथ जोधपुर एविएशन को आगे बढऩे का मौका मिला। इसके बाद जेट ने मुंबई उड़ान शुरू की। पर्यटन सीजन में अहमदाबाद व इंदौर के लिए भी हवाई सेवाएं शुरू हुई। इसके बाद किंगफिशर भी मैदान में आई और जयपुर व दिल्ली के लिए उड़ान शुरू की। वर्ष 2007 में लो कॉस्ट एयरलाइंस कम्पनी एयर डेक्कन ने भी जयपुर, दिल्ली और मुंबई के मध्य सस्ती हवाई सेवा शुरू की।
आर्थिक तंगी से जूझ रही किंगफिशर एयरलाइंस और एयर डेक्कन की सेवाओं ने जल्द ही दम तोड़ दिया। इसके बाद 2016 में सुप्रीम एयरलाइंस ने जयपुर-जोधपुर के मध्य उड़ान शुरू की। सुप्रीम एयरलाइंस ने पिछले साल अगस्त में राजस्थान में अंतिम उड़ान भरी। इस साल स्पाइस जेट ने पर्यटन सीजन में दिल्ली और अहमदाबाद के लिए फ्लाइट चलाई लेकिन 30 मार्च को स्पाइस जेट की सेवा बंद हो गई। जेट एयरवेज ने भी जोधपुर-मुंबई उड़ान बंद कर दी। अब जेट एयरवेज के पास फ्यूल के धन नहीं होने से एकमात्र बीच जोधपुर-दिल्ली उड़ान को दो दिन के लिए बंद किया है लेकिन इससे आगे भी संचालन मुश्किल हो रहा है। फिलहाल जोधपुर एयरपोर्ट पर अब केवल एयर इंडिया ही बची है, जिसे भी सरकार ही धक्का देकर खींच रही है।
दो साल पहले शुरू हुआ एयरपोर्ट का विस्तार
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआइ) द्वारा जोधपुर सिविल एयरपोर्ट का संचालन किया जाता है लेकिन जोधपुर में भारतीय वायुसेना का एयरबेस होने से एयर ट्रेफिक कंट्रोल वायुसेना के पास है। वर्ष 2017 में राज्य सरकार व वायुसेना के मध्य हुए एक एमओयू के तहत जोधपुर एयरपोर्ट का विस्तार करने के लिए वायुसेना की 37 एकड़ जमीन एएआई को दी गई है। इसके लिए नगर निगम जोधपुर की ओर से वायुसेना को भुगतान भी किया जा रहा है। वर्तमान में सिविल एयरपोर्ट विस्तार का कार्य चल रहा है।
फिलहाल केवल दो फ्लाइट
‘जेट एयरवेज ने बुध-गुरु को फ्लाइट बंद रखने की सूचना दी थी। आगे का पता नहीं लेकिन मुश्किल लग रहा है। वर्तमान में केवल एयर इंडिया की मुंबई व दिल्ली के लिए ही उड़ान बची है।
जीके खरे, निदेशक, जोधपुर एयरपोर्ट