11 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जोधपुर

डम्पर ने ली ट्रांसपोर्ट व्यवसायी की जान

गौतम सभा ने डम्परों का शहर में प्रवेश बंद करने की मांग की

Google source verification

जोधपुर.
विवेक विहार थानान्तर्गत सांगरिया के पास पत्थर खाली कर तेज रफ्तार व लापरवाही से आए डम्पर की चपेट से घायल बाइक सवार ट्रांसपोर्ट व्यवसायी की शनिवार को एम्स में मौत हो गई। गौतम सभा के बैनर तले समाज के लोगों ने मोर्चरी के बाहर विरोध जताया और शहर में डम्परों का आवागमन बंद करने की मांग की।
थानाधिकारी जितेन्द्र सिंह ने बताया कि मूलत: बाड़मेर में सिणधरी थानान्तर्गत खारी महेचा हाल पाल रोड पर वैभव विहार निवासी ट्रांसपोर्ट व्यवसायी भीखाराम पुत्र रूपाराम कांगला जोशी गत 8 अप्रेल की सुबह बाइक पर घर से विवेक विहार में समाज के भवन जा रहे थे। सांगरिया में तेज रफ्तार व लापरवाही से आए डम्पर ने बाइक को चपेट में ले लिया। भीखाराम नीचे गिर गए और डम्पर ने उन्हें कुचल दिया। गंभीर हालत में एम्स में भर्ती कराया गया, जहां सुबह उनकी मौत हो गई। शव मोर्चरी में रखवा दिया गया। मृतक मारवाड़ गुर्जर गौड़ ब्राह्मण संस्थान के कोषाध्यक्ष थे। उनके निधन से समाज में शोक की लहर छा गई।
पुलिस का कहना है कि हादसा होने के बाद ही पुत्र की तरफ से चालक के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली गई थी। डम्पर को जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया गया था। जिसे जमानत पर छोड़ दिया गया था। डम्पर पत्थर खाली करने बाद लौट रहा था।
भारी वाहनों का प्रवेश रोकने की मांग
परिजन व गौतम सभा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मोर्चरी पहुंचना शुरू हो गए। उन्होंने विभिन्न मांगों को लेकर शव न उठाने की चेतावनी दी। वे मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठ गए। सभा के मंत्री दुष्यंत राणेजा व भाजपा जिला संयोजक सहकारिता प्रकोष्ठ अमृत पंचारिया ने भारी वाहन व डम्परों का प्रवेश बंद करने, चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस की समझाइश के बाद सभा के पदाधिकारी पोस्टमार्टम को राजी हुए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंपा गया।हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस कमिश्नर को परिवाद दिया जाएगा। विरोध में ब्राह्मण महासभा के नथमल पालीवाल तथा श्याम सुन्दर उपाध्याय सहित कई प्रबुद्धजन मौजूद रहे।