
फोटो व वीडियो : गिरधारी पालीवाल/जोधपुर. शारदीय नवरात्र के उपलक्ष्य में नेहरू पार्क के पीछे स्थित दुर्गा बाड़ी में 76 वां दुर्गा पूजन महोत्सव सोमवार को षष्ठी पूजन से शुरू किया गया। दुर्गाबाड़ी में पांच दिवसीय धार्मिक समारोह के दौरान दुर्गा, लक्ष्मी, महाकाली एवं सरस्वती का पूजन होगा। मंगलवार को महासप्तमी पूजन सुबह 6 बजे से शुरू होगा। शाम 7.30 बजे संध्या आरती के बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। बुधवार को दुर्गाष्टमी को बलिदान की रस्म दोपहर 12.30 बजे होगी। कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड 9 सेक्टर सिद्धेश्वर महादेव मंदिर परिसर में बंगाली समाज के पांच दिवसीय दुर्गा पूजा षष्ठी पूजा व उलूक ध्वनि और जयकारों के साथ शुरू हुआ। समाज के सुमन विश्वास ने बताया विजयदशमी के दिन समाज के महिलाओं की ओर से सिंदूर खेल कार्यक्रम किया जाएगा। मंगलवार को एक शाम माता के नाम भजन संध्या और प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा।