11 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जोधपुर
RAJASTHAN ELECTON 2018 : जोधपुर में जनता ने कहा,रिकॉर्ड मतदान करेंगे
Play video

RAJASTHAN ELECTON 2018 : जोधपुर में जनता ने कहा,रिकॉर्ड मतदान करेंगे

जोधपुर.राजस्थान पत्रिका की आेर से आयोजित जागो जनमत यात्रा के तहत जोधपुर शहर के सरदारपुरा, सूरसागर और जोधपुर शहर विधानसभा क्षेत्र के संवाद कार्यक्रम में राजनीतिक दलों से जुड़े कार्यकर्ताओं व प्रबुद्धजनों ने जनता से जुडे़ मुद्दे उठाए।      
Google source verification

जोधपुर

image

MI Zahir

Nov 13, 2018

जोधपुर. राजस्थान पत्रिका की ओर से आयोजित जागो जनमत यात्रा के तहत जोधपुर शहर के सरदारपुरा, सूरसागर और जोधपुर शहर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित संवाद कार्यक्रम में राजनीतिक दलों से जुड़े कार्यकर्ताओं व प्रबुद्धजन ने क्षेत्र के मुद्दों व समस्याओं पर अपनी आवाज मुखर की। इस मौके पर सभी को फेक न्यूज से बचने के लिए जागरुक किया गया। क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा से पहले सभी को वोट संकल्प दिलाया गया। सूरसागर विधानसभा क्षेत्र में संभागीय आयुक्त ललित गुप्ता, शहर विधानसभा क्षेत्र में जिला निर्वाचन अधिकारी व कलक्टर डॉ. रविकुमार सुरपुर ने लोगों को अधिक से अधिक वोट देने का संकल्प दिलाया। जिला कलक्टर ने सभी को बिना किसी दबाव, बगैर लालच व भयमुक्त वातावरण में अच्छे जनप्रतिनिधियों का चुनाव करने का आह्वान किया। संकल्प व शपथ के बाद लोगों के साथ क्षेत्र के मुद्दों पर चर्चा की गई।

सरदारपुरा में विकास की राजनीति पर बात
जागो जनमत यात्रा के तहत सरदारपुरा विधानसभा क्षेत्र के मंडोर में हुए संवाद कार्यक्रम में लोगों ने जाति ही नहीं, बल्कि विकास की राजनीति की बात कही। साथ ही भाजपा और कांग्रेस की सरकार में विकास की गति प्रभावित होने का दर्द भी बयां किया। क्षेत्र के लोगों के साथ जन एजेंडा साझा किया गया और लोगों ने क्षेत्र की समस्याएं और समाधान भी बताए। क्षेत्र की नागादड़ी से सुरपुरा बांध तक की नहर की बदहाली का मामला प्रमुखता से उठाया गया। कई लोग क्षेत्र से विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सक्रियता पर सवाल उठाते नजर आए। हालांकि कुछ लोगों ने विधायक निधि से राशि खर्च करने पर संतोष भी जताया। लेकिन राज्य सरकार की कई नीतियों पर भी लोगों ने जमकर कोसा। महिलाओं ने जहां सुरक्षा और राशन नहीं मिलने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया तो वहां मौजूद व्यापारियों ने जीएसटी को व्यापार का कमर तोडऩे वाला बता अपनी पीड़ा व्यक्त की। मंडोर से आखलिया तक मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था पुख्ता करने की मांग पुरजोर तरीके से उठी और लोगों ने एलिवेटेड रोड की मांग भी रखी। क्षेत्रवासियों की प्रमुख पीड़ा यह भी थी कि चाहे कांग्रेस हो या भाजपा दोनों ही सरकारों में विकास सिर्फ अंतिम चुनावी साल में ही होता है। संवाद में जगदीश पंवार, मयंक देवड़ा, संजय कच्छवाह, निर्मल कच्छवाह, लक्ष्मण सोलंकी, रामेश्वर गहलोत, बलवीर भाटी, विजय नायक, लक्ष्मण परिहार, रजनीश मिश्रा, नसीम बेगम, जमीला, यशवंत देवड़ा व नितिन कच्छवाह आदि ने भाग लिया।

शहर ने कहा, ट्रैफिक बड़ी समस्या
राजस्थान पत्रिका की जागो जनमत यात्रा के तहत जोधपुर शहर विधानसभा क्षेत्र का संवाद जालोरी गेट के अंदर आयोजित किया गया। यहां लोगों ने सबसे बड़ी समस्या बढ़ते ट्रेफिक को माना। साथ ही लोगों ने कहा कि राजनैतिक दल महज वोट मांगने तक ही जनता की सुध लेते हैं। उसके बाद आमजन की समस्या से किसी को कोई सरोकार नहीं है। जागो जनमत यात्रा टीम ने क्षेत्र के लोगों के साथ जन एजेंडा साझा किया और लोगों ने क्षेत्र की समस्याएं और समाधान भी बताए। कार्यक्रम में लोगों ने कहा कि भीतरी शहर में बढ़ते ट्रेफिक के कारण बाहर से आने वाले लोगों को हेरिटेज नजारे देखने में कई समस्याओं से जूझना पड़ता है।

सूरसागर में वन भूमि पर अतिक्रमण मुद्दा

राजस्थान पत्रिका की जागो जनमत यात्रा के तहत सूरसागर विधानसभा क्षेत्र के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड 16 सेक्टर में आयोजित संवाद में सामाजिक-धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों ने जोश और उत्साह से भागीदारी निभाई और पूरी बेबाकी के साथ अपने क्षेत्र की समस्याओं को रखा। सूरसागर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं में वन भूमि पर अंधाधुंध अतिक्रमण और पूर्व में बसी कच्ची बस्तियों के नियमन की मांग प्रमुख रही। लोगों ने उम्मेद सागर, कायलाना सूरसागर और गंगलाव तालाब को बचाने में पिछले तीन दशक से किसी भी जनप्रतिनिधि की ओर से बचाने की पहल नहीं होने पर आक्रोश जताया। सेटेलाइट अस्पतालों की दुर्दशा, स्टाफ की कमी और प्राचीन नहरों को अंधाधुंध तोड़कर अतिक्रमण करने से बारिश के दिनों में सड़कों पर तालाब की स्थिति तथा गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार को लेकर भी लोगों ने गुस्से का इजहार किया।