
जोधपुर. राजस्थान हाईकोर्ट ने उदयपुर के मोहनलाल सुखाडि़या विवि छात्रसंघ चुनाव परिणाम की घोषणा करने पर लगाई गई रोक बुधवार तक के लिए बढ़ा दी है। यह आदेश राजस्थान उच्च न्यायालय के जस्टिस संगीत लोढ़ा ने याचिकाकर्ता चिराग कोठारी की ओर से दायर याचिका में जारी नोटिस करने का विश्वविद्यालय की ओर से सोमवार को जवाब नहीं मिलने के कारण दिया। मंगलवार को बाबा रामदेव मेले का स्थानीय अवकाश होने की वजह से अब बुधवार 12 सितम्बर को मामले की सुनवाई हो सकेगी।
मारपीट करने का आरोप है
मामले के अनुसार याचिकाकर्ता चिराग कोठारी की ओर से अधिवक्ता अभिषेक पारीक ने याचिका दायर कर कोर्ट को बताया था कि विश्वविद्यालय के लॉ कॉलेज छात्रसंघ अध्यक्ष पद के लिए आवेदन करने वाले ईश्वरलाल अहीर पर शो रूम से कार लूटने व चौकीदार से मारपीट करने का आरोप है, फिर भी उसका आवेदन पत्र मुख्य चुनाव अधिकारी ने स्वीकार कर लिया , जो गलत है। विश्वविद्यालय की ओर से सोमवार को जवाब पेश नहीं करने पर कोर्ट ने उन्हें जवाब पेश करने का आदेश देते हुए अगली सुनवाई 12 सितंबर मुकर्रर की है। साथ ही चुनाव परिणाम घोषित करने पर लगाई गई रोक भी 12 सितंबर तक बढ़ा दी है।