जोधपुर।
जिले की खेड़ापा थाना पुलिस व जिला स्पेशल ड्रॉन टीम ने बावड़ी बस स्टैण्ड पर बस उतरते ही एक महिला व युवक को गिरफ्तार कर कब्जे से अफीम का दो किलो 345 ग्राम दूध जब्त किया। दोनों आरोपी अफीम लेकर बस से उतरे ही थे तभी पुलिस ने दबिश देकर इन्हें पकड़ लिया।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) धर्मेन्द्रसिंह यादव ने बताया कि जिला विशेष ड्रॉन टीम को एक महिला व युवक के अफीम के दूध की बड़ी खेप लेकर बावड़ी बस स्टैण्ड पर बस से उतरने की सूचना मिली। खेड़ापा थानाधिकारी नेमाराम के नेतृत्व में डीएसटी ने संयुक्त रूप से बस स्टैण्ड पर दबिश दी, जहां लाल रैग्जीन थैली लेकर खड़े युवक व महिला नजर आए।
पुलिस को देख दोनों भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर घेराबंदी की और दोनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर युवक के पास थैली में अफीम का 2.345 किलो दूध मिला। दोनों को थाने ले जाया गया, जहां पूछताछ के बाद एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया। भोपालगढ़ थानान्तर्गत सुरपुरा निवासी संतोष पत्नी कानाराम जाट व लवेरा खुर्द निवासी विवेक पुत्र भगाराम जाट को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी यह अफीम कहां से लेकर आए थे और किन्हें बेचने वाले थे इस संबंध में पूछताछ की जा रही है।
आरोपी विवेक कुमार मादक पदार्थ तस्करी के मामले में पहले भी तीन बार पकड़ा जा चुका है। जमानत मिलने पर वह जेल से छूटा हुआ है। कार्रवाई में ड्रॉन टीम के किशोर, सेठाराम, सुरेश डूडी, चंपालाल, श्रवण, कमलेश का सहयोग रहा।