
जोधपुर.
मूसलाधार बारिश के दौरान शुक्रवार देर शाम बकरा मण्डी में बाइजी महाराज आश्रम रोड पर बड़ा हादसा टल गया। पानी की समुचित निकासी न होने से आश्रम की दीवार टूट गई और पूरे वेग से निकले पानी में चार बालक बह गए। गनीमत रही कि लोगों ने बच्चों को बाहर निकाल लिया। एक बालक का पांव व पसली टूट गई। पानी कई मकानों में भर गया। इस दौरान एक नवजात डूबते-डूबते बचा।
पुलिस व मोहल्लेवासियों ने के अनुसारनिकासी न होने से मूसलाधार बारिश में बाइजी महाराज आश्रम ने तालाब का रूप ले लिया। बारिश थमने पर देर शाम दीवार का बड़ा ढहते ही जमा पानी पूरे वेग से ढलान में बह निकला। पानी मोहल्ले के कई मकानों में घुस गया। लोग कुछ समझ पाते इससे पहले ही घरों के बाहर बैठे जुनैद (८) पुत्र भूरे खां, जौया (८) पुत्री मोहम्मद आसिफ व उसकी बहन आयद (६) और एक अन्य बच्चा पानी में बहने लग गए। लोगों के चिल्लाने पर कुछ दूरी पर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया। दो बच्चों को भर्ती किया गया। जुनैद के पांव व पसली में फ्रैक्चर आए। खाण्डा फलसा थानाधिकारी दिनेश लखावत ने बताया कि हादसे में ५ बच्चे चोटिल हुए।
नवजात के पेट में घुसा पानी
बकरा मण्डी निवासी रमजान का कहना है कि घर में अचानक पानी घुसने से उसका दो माह का भांजा डूबने लगा। उसने उसे पानी से बाहर निकाला, लेकिन पानी उसके पेट में घुसने से वह बीमार हो गया। अस्पताल में इलाज के बाद उसकी हालत अब खतरे से बाहर है।
बहुत तेज था बहाव
क्षेत्रवासी भूरे खां के अनुसार लोग घरों के बाहर बैठे थे। इसी दौरान आए पानी के रैले में पुत्र जुनैद बह गया। इसे करीब दो सौ फुट तक दूरी पर लोगों ने बाहर निकाला। तेजबहाव का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि भारी-भरकम पत्थर भी पानी में बहने लगे। गनीमत रही कि कोई इनकी चपेट में नहीं आया।
दुपहिया वाहन बहे
पुलिस का कहना है कि पानी के तेज बहाव में कई मोटरसाइकिलें बह गईं। कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए। शौचालय टूट गए।