
जोधपुर। आपने आज तक सवार सहित तांगे को सड़क पर दौड़ते देखा होगा। लेकिन आज हम आपको जो बताने जा रहे हैं, उसे देखकर दंग रह जाएंगे। शहर में शुक्रवार को अजीब वाकया देखने को मिला, जहां दोपहर को एक घोड़ा गाड़ी बिना सवार के ही दौडा पड़ी। दरअसल, बगैर सवार के घोड़ा तांगे को दौड़ा ले गया। हालांकि इस दौरान किसी प्रकार की घटना घटित नहीं हुई।
बगैर सवार दौडा तांगा
जानकारी के मुताबिक जिले के पावटा चौराहे के पास तांगे खड़े रहते हैं। यहां दो महिलाएं तांगा संचालक से बातचीत करने लगी। बस इतनी देर में तो तांगा बगैर सवारी लिए दौड़ पड़ा। घोड़ा दौड़ते हुए तांगे को पावटा चौराहे से ब्रिज पर चढ़ा और केएन कॉलेज होते हुए पुलिस लाइन के पास जाकर रुक गया।
मक्खियों से भड़का और लगा दी दौड़
इस दौरान गनीमत रही कि रास्ते में कोई चोटिल नहीं हुआ। घोड़ा मार्ग में सभी गाडिय़ों को बचाते हुए कुशल तांगा चालक की तरह दौड़ता रहा और अंत में पुलिस लाइन के नजदीक जाकर रुका। गौरतलब है कि जोधपुर में पावटा चौराहे से घंटाघर तक एक ही रूट पर तांगा चलता है। तांगा संचालकों ने बताया कि इन दिनों घोड़े मक्खियों से बहुत परेशान रहते हैं। शायद मक्खियों से परेशान होकर घोड़ा भड़क गया और तांगे को दौड़ा ले गया। यह वीडियो शुक्रवार शाम को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
बाल-बाल बचे राहगीर
जब तांगा सड़क पर सरपट दौड़ रहा था उस समय सड़क पर वाहनों व राहगीरों का आवागम था। लेकिन शुक्र रहा कि इस दौरान किसी प्रकार की अनहोनी नहीं हुई। इस मामले को लेकर शहर में कौतुहल का माहौल बन गया। घोड़े को बीच सड़क देखर हर कोई हैरान था। लेकिन तांगा जब पुलिस लाइन के पास जाकर रुका तब लोगों ने राहत की सांस ली।