
जोधपुर. जेएनवीयू में स्नातक प्रथम वर्ष की पहली प्रवेश सूची मंगलवार को जारी होने की संभावना है। बीए, बीकॉम, बीएससी और विधि संकायों सोमवार को हार्डकॉपी व अन्य दस्तावेजों के आधार पर पंचवर्षीय पाठ्यक्रम के लिए आवेदन पत्रों की छंटनी के बाद कट ऑफ बनाने में व्यस्त थे। अधिकांश विभागों की पहली प्रवेश सूचियां इस सप्ताह जारी होने की उम्मीद है।
विवि में सोमवार को कला, वाणिज्य, विज्ञान और विधि संकाय में प्रवेश सूची को लेकर तेजी से कार्य होता रहा। आवेदन पत्र की हार्डकॉपी रविवार तक ली गई। राज्य सरकार की ओर से निर्धारित किए गए परसेंटाइल भी विवि को प्राप्त हो गए हैं। इन्हीं के आधार पर केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड और राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अभ्यर्थियों के अंक निर्धारित किए जाएंगे। सीबीएसई छात्रों को बारहवीं में राजस्थान बोर्ड के छात्रों से अधिक अंक मिलने की वजह से सरकार ने तीन साल पहले प्रवेश प्रक्रिया में बदलाव किया था। इसी के मद्देनजर प्रवेश के लिए परसेंटाइल का नया फ ार्मूला तैयार किया गया।
गौरतलब है कि विवि में प्रवेश प्रक्रिया 5 जून को शुरू हो गई थी लेकिन आवेदन पत्रों की अंतिम तिथि लगातार बढ़ाने और हार्डकॉपी जमा करने तिथि बार-बार बढ़ाने से अब तक प्रवेश सूचिंया जारी नहीं हो पाई। विवि का शैक्षणिक सत्र दो जुलाई को शुरू हो गया था।