
जोधपुर. जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय और संभाग के सभी सम्बद्ध महाविद्यालयों में स्वयंपाठी परीक्षा के आवेदन के लिए दस दिन का समय शेष बचा है। अभ्यर्थी 31 अक्टूबर तक बगैर विलम्ब शुल्क के आवेदन कर सकते हैं। आवेदन विवि की वेबसाइट पर ऑनलाइन किए जा रहे हैं।
शैक्षणिक सत्र 2018-19 की परीक्षा में बैठने के लिए बीए, बीकॉम, एमए (बिना प्रायोगिक विषयों के), एमएससी गणित और एमकॉम के स्वयंपाठी व भूतपूर्व परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा आवेदन एक अक्टूबर से शुरू हो गए। बिना विलम्ब शुल्क से 31 अक्टूबर तक, पचास रूपए विलम्ब शुल्क के साथ 30 नवम्बर, दुगुने परीक्षा शुल्क के साथ 15 दिसम्बर और चौगुने परीक्षा शुल्क से 31 दिसम्बर तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
आवेदकों के लिए वेबसाइट पर विभिन्न परीक्षाओं के लिए अलग-अलग आवेदन-पत्र प्रारूप उपलब्ध करवाए गए हैं। आवेदक जिस परीक्षा में आवेदन करना चाहता है, उस परीक्षा/प्रारूप को चुनना है। ऑनलाइन आवेदन-पत्र भरकर परीक्षा आवेदन-पत्र एवं शुल्क जमा करवाने का चालान का प्रिण्ट लेना होता है। अग्रेषण केन्द्र से आवेदन जांच करवाने के पश्चात् शुल्क जमा होता है। अभ्यर्थी नेट बैंकिंग से भी शुल्क जमा करा सकते हैं। आवेदक डेबिट कार्ड/क्रेडिट कार्ड के जरिए भी शुल्क जमा करा सकते हैं। शुल्क जमा करने के पश्चात् आवेदन की प्रिण्ट प्रति (हार्ड कॉपी) के साथ शुल्क जमा की एक मूल प्रति और अन्य शैक्षणिक दस्तावेज की मूल व स्वप्रमाणित प्रतियां संग्रहण केन्द्रों पर जमा करवानी है। संग्रहण केंद्रों की सूची विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध है। जिन स्वयंपाठी/भूतपूर्व परीक्षार्थियों ने पुनर्मूल्यांकन केलिए आवेदन किया है वे पुनर्मूल्यांकन परिणाम की प्रतीक्षा किए बिना वर्तमान परिणामानुसार अपना परीक्षा आवेदन कर सकते हैं। पुनर्मूल्यांकन परिणाम घोषित होने के पश्चात् यदि उनके परिणाम में परिवर्तन हो रहा है तो वे प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत करके अपने परीक्षा आवेदन-पत्र में पुनर्मूल्यांकन-परिणामानुसार परिवर्तन करा सकते हैं।