
जोधपुर.राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए मारवाड़ के सिंह द्वार जोधपुर संभाग में चुनावी चौसर बिछ चुकी है। भौंपू प्रचार बंद होने के बाद उम्मीदवारों के घर-घर जनसंपर्क करने का सिलसिला जारी है। इस संभाग की अधिकतर सीटों पर बड़ा ही रोचक चुनावी मुकाबला है। पेश है विधानसभा चुनाव को लेकर जोधपुर संभाग की सीटों का जायजा :
जोधपुर संभाग में ज्यादातर सीटों पर भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला है। पहले वसुंधरा राजे ने अपनी यात्राओं से सियासी ऊंट को अपने पक्ष में करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। कांग्रेस से राहुल गांधी, अशोक गहलोत और सचिन पायलट ने चुनावी सभाओं से कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाया तो नरेंद्र मोदी, राजनाथसिंह और वसुंधरा राजे ने माहौल को बदलने और भाजपा के पक्ष में करने की कोशिश की। दोनों दलों ने अपने-अपने तरीके से बूस्ट अप कर कार्यकर्ताओं को बूस्टर डोज दी। अब इस बार जोधपुर संभाग एक मुुख्यमंत्री और एक पूर्व मुख्यमंत्री की चुनावी किस्मत का फैसला करने में अहम भूमिका निभाएगा। एक ओर जहां कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को जोधपुर में अपनी परंपरागत सरदारपुरा सीट पर फिर से प्रत्याशी बनाया है तो भाजपा की ओर से इस बार भी शंभूसिंह खेतासर फिर से मैदान में डटे हुए हैं। पिछली बार गहलोत ने 18 हजार वोटों से बढ़त ली थी। स्वाभिमान रैली कर के बाड़मेर के मानवेंद्रसिंह भाजपा से कांग्रेस में शामिल होने के बाद झालरापाटन से मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के सामने चुनाव में खड़े हुए हैं। चंूकिशिव के मानवेन्द्रसिंह ने कांग्रेस ज्वाइन कर ली है। ऐसे में यहां इनका जीतना प्रतिष्ठा बना हुआ है। इस क्षेत्र में मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने भी भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाया है।