
जोधपुर. मौसमी परिस्थितियों में बदलाव से गुरुवार को जोधपुर सहित मारवाड़ के कुछ हिस्सों में हल्की से लेकर मध्यम बारिश हुई। शाम को काले बादलों की आवाजाही से मौसम सुहाना हो गया। शुक्रवार को भी बादलों का जमावड़ा रहेगा। दिनभर बादलों का मौसम रहने का पूर्वानुमान है हालांकि अच्छी बारिश की फिर भी कोई उम्मीद नहीं है।
सूर्यनगरी में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह से ही अत्यधिक नमी के कारण उमस भरा मौसम बना हुआ था। दिन चढऩे के बाद वातावरण में उमस बढ़ती गई। सूरज की तीखी धूप के कारण दोपहर में पारा चालीस डिग्री के समीप आ गया। जोधपुर में अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री मापा गया। तापमान के साथ नमी अधिक होने से दोपहर में भीषण गर्मी का अहसास हो रहा था। शहरवासी पसीना पसीना हो गए। शाम छह बजे मौसम में अचानक बदलाव शुरू हुआ। तेज हवा के साथ काले बादलों की आवाजाही से शहरवासियों को बारिश की उम्मीद बंधी। शहर के कुड़ी भगतासनी से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला अन्य स्थानों पर पहुंचा। कई तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। शाम बादल-बरसात से मौसम सुहाना हो गया। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी दिनभर लोग उमस से बेहाल रहे।
जैसलमेर और बाड़मेर में भी गुरुवार को दिन में तापमान चालीस डिग्री के पास पहुंचने से तीखी गर्मी रही। जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 28.4 व अधिकतम 39.3 डिग्री रहा वहीं बाड़मेर में रात का पारा 29.5 व दिन का 39.8 डिग्री मापा गया।