
जोधपुर . उत्तर-पश्चिम रेलवे जोधपुर मण्डल को भगत की कोठी (जोधपुर)-बांद्रा टर्मिनल-भगत की कोठी (जोधपुर ) एक्सप्रेस के रूप में 20 दिन के अंदर ही दूसरी हमसफर ट्रेन मिली है। भगत की कोठी स्टेशन से रेलमंत्री पीयूष गोयल शनिवार रात 8.15 बजे हरी झण्डी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। समारोह में केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत व केन्द्रीय विधि राज्यमंत्री पीपी चौधरी, राज्यसभा सांसद नारायणलाल पंचारिया, रामनारायण डूडी, शहर विधायक कैलाश भंसाली, महापौर घनश्याम ओझा सहित अन्य अतिथि उपस्थित थे। इससे पहले 14 मई को उत्तर पश्चिम रेलवे जोधपुर मण्डल की पहली हमसफर रेलसेवा ‘ताम्बरम’ एक्सप्रेस का संचालन शुरू हुआ था। यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन जोधपुर से मुम्बई के बीच चलेगी। केन्द्रीय विधि राज्यमंत्री पीपी चौधरी हमसफर ट्रेन से जोधपुर से अपने लोकसभा क्षेत्र पाली रवाना हुए। पीपी चौधरी ने ट्रेन में सफर करते हुए ट्रेन की प्रशंसा की व बताया कि इस ट्रेन का सीधा लाभ जोधपुर व पाली से बांद्रा टर्मिनल आने जाने वाले लोगों को मिलेगा।
अत्याधुनिक सुविधायुक्त
– ट्रेन में कुल 20 डिब्बें, जिसमें18 थर्ड एसी, 2 पॉवर कार।
– ट्रेन में प्रत्येक सीट नम्बर अंग्रेजी के साथ ब्रेल लिपि में मिलेंगे।
– प्रत्येक कोच में 6 सीसीटीवी कैमरे।
– प्रत्येक कोच में में हॉट केस, फ्रिजर आदि की सुविधा।
– शौचालय में ऑटोमेटिक ऑडोर कंट्रोल सिस्टम, शॉवर, मोडिफाइड नल, हैण्ड वॉश सुविधा।
– प्रत्येक कोच व शौचालय में फायर अलार्म (धूम्रपान करते ही बजेगा अलार्म )।
– कोच में डिस्प्ले बोर्ड से मिलेगी गन्तव्य स्थल की जानकारी।
– हर सीट के पास डस्टबिन।
– मोबाइल चार्ज करने के लिए हर सीट पर चार्जर।