
जोधपुर. संभाग के कई हिस्सों में बुधवार को बादल-बरसात का मौसम बना रहा। जोधपुर में सुबह से रुक-रुक रिमझिम बरसात होने से मौसम सुहाना हो गया। शाम तक 7 मिलीमीटर बारिश मापी गई। दिन का तापमान तीस डिग्री के भीतर रहने से लोगों को तपिश से काफी राहत मिली। पीपाड़ में 7 मिमी पानी बरसा। आसपास के गांवों में भी हल्की बरसात के समाचार हंै। बीते चौबीस घण्टे में जिले के जालीवाड़ा बांध पर 50 मिमी, बिराई बांध पर 70 मिमी और जसवंतसागर बांध पर 7 मिमी बरसात हुई। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को भी हल्की बरसात का मौसम बना हुआ है।
सूर्यनगरी में बुधवार को न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह सात बजे से ही शहर में रिमझिम बरसात शुरू हो गई। हल्की बरसात की वजह से सडक़ों पर पानी बहने लगा। रुक-रुक कर सुबह दस बजे तक बारिश होती रही। उसके बाद बूंदाबांदी का दौर चला। दिनभर घने बादल छाए रहे। जिससे अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री रहा। हवा में करीब नब्बे फीसदी आद्र्रता होने से मौसम खुशगवार बना रहा। ईद की छुट्टी होने से कई लोगों ने पर्यटन स्थलों का रुख किया। मण्डोर, नेहरु पार्क, उम्मेद पार्क, कायलाना, मसूरिया पहाड़ी पर शहरवासियों की भीड़ लगी रही। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी बारिश का मौसम रहा।
बीते 24 घंटे में कहां बरसात
मौसम विभाग के अनुसार पिछले चौबीस घंटे में जैसलमेर-बाड़मेर को छोडकऱ संभाग के कई हिस्सों में बूंदाबांदी से लेकर तेज बरसात हुई। सिरोही के माउंट आबू में 24, शिवगंज में 5, ओडा बांध पर 8, सेई बांध पर 4, नागौर शहर में 7, जायल में 22, मेड़ता में 14, लाडऩू में 16, खींवसर में 7, जालोर के आहोर में 5, पाली में 3, जवाई बांध पर 5, देसूरी में 22, रोहट में 12, सुमेरपुर में 7, सोजत में 21, हेमावास बांध पर 8, मारवाड़ जंक्शन में 4 मिमी बारिश हुई।