
video credit : manoj sen/जोधपुर. शहर में बाबा रामदेव मेले के चलते शहर में जातरुओं की रेलमपेल है। दुपहिया वाहन का निकलना भी दूभर है। इसके बावजूद एसयूवी के चालक ने गुरुवार दोपहर आखलिया चौराहे से एसयूवी को इतनी तेज रफ्तार में दौड़ाई कि जातरुओं के साथ आमजन की जान जोखिम में डाल दी। वायरलैस सैट पर संदेश भेजकर न्यायिक मजिस्ट्रेट ने स्वयं पीछा किया तो मसूरिया मेले में जातरुओं के बीच से भगाकर शास्त्रीनगर में लॉक कर चालक भाग निकला। शास्त्रीनगर थाना पुलिस ने कार जब्त की है। पुलिस व प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार काली एसयूवी को देख न्यायिक मजिस्ट्रेट ने रोकने का इशारा किया लेकिन चालक कार को और तेजी से भगाने लगा।
न्यायिक मजिस्ट्रेट ने स्वयं पीछा शुरू किया। एसयूवी को चालक बलदेव नगर से होकर मसूरिया मेलास्थल ले आया। जातरुओं के बीच से चालक खतरनाक तरीके से तेज रफ्तार में भगाने लगा। इस दौरान उसने चार पांच वाहनों को भी चपेट में ले लिया। हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। मसूरिया में जातरुओं के बीच से चालक ने कार को शास्त्रीनगर की तरफ घुमा ली। शास्त्री सर्किल के चार पांच चक्कर लगाने के बाद मथुरादास माथुर अस्पताल के सामने गली में कार खड़ी की और लॉक करके चालक पीछे बुलेट पर आए साथी के साथ बैठकर गायब हो गया। जाने से पहले चालक ने कार से शराब की दो-तीन बोतलें भी बाहर फेंक दीं। मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस मौके पर पहुंची व कार जब्त कर थाने ले आई।