11 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जोधपुर
‘अब सरकार बदल गई हैं, अफसर अपना टरकाऊ ढर्रा सुधार लें’
Play video

‘अब सरकार बदल गई हैं, अफसर अपना टरकाऊ ढर्रा सुधार लें’

-विधायक से लेकर जिला परिषद सदस्यों तक के निशाने पर रहे अफसर -जिला प्रमुख ने लोहावट विधायक को टोका, बोले-सदन की गरिमा में ही अपनी बात रखें
Google source verification

जोधपुर.
प्रदेश में सरकार बदलने के बाद जिला परिषद की साधारण सभा का रंग-ढंग बदला हुआ नजर आया। सत्तारूढ़ दल कांग्रेस के विधायक से लेकर जिला परिषद सदस्यों ने न केवल अध्यक्ष को घेरने की कोशिश की, बल्कि अफसरों पर ढिलाई व भ्रष्टाचार के आरोप तक लगाए। लोहावट विधायक किशनाराम विश्नोई ने तो अफसरों को साफ चेताया कि अब प्रदेश में सरकार बदल गई है, अफसर अपना टरकाऊ रवैया सुधार लें और जनता के काम पर ध्यान दें। विधायक विश्नोईने जिला प्रमुख पुनाराम चौधरी पर भी चार साल में पैठ खराब करने के आरोप लगाए। इस पर सदन अध्यक्ष के रूप में जिला प्रमुख चौधरी ने विधायक को सदन की गरिमा का हवाला देते हुए बीच में ही रोक दिया। इस दौरान विधायक व अध्यक्ष उलझते-उलझते बचे।

बैठक की शुरुआत से ही अधिकतर जिला परिषद सदस्य इस बात से खफा रहे कि जिला परिषद से लेकर विभिन्न विभागों के अफसर उनकी सुनवाई नहीं करते। पिछली बैठक में जिन मुद्दों पर चर्चा हुई, जो काम होने चाहिए थे, अफसरों ने ऐसे कामों को टरकाने के अलावा कुछ नहीं किया।


नहीं आए एमपी, 4 एमएलए व 8 सदस्य भी गैरहाजिर-

जिला परिषद की साधारण सभा में सांसद, विधायक एवं सभी सदस्यों की उपस्थिति अपेक्षित थी। लेकिन बैठक में जोधपुर सांसद गजेन्द्रसिंह शेखावत, पाली सांसद पीपी चौधरी व राज्य सभा सदस्य रामनारायण डूडी व नारायण पंचारिया उपस्थित नहीं हुए। बैठक में लूणी विधायक महेन्द्र विश्नोई, ओसियां विधायक दिव्या मदेरणा, फलोदी विधायक पब्बाराम विश्नोई, शेरगढ़ विधायक मीना कंवर तथा जिला परिषद सदस्य लीला मदेरणा समेत 8 सदस्य भी भाग लेने नहीं पहुंचे।

 

बैठक में बोले सदस्य, उठाए ये मुद्दे-
-सदस्य विक्रमसिंह ने कहा कि प्रदेश में भले ही सरकार बदल गई है, लेकिन अफसरों का ढर्रा नहीं बदला है, अफसर काम नहीं कर रहे हैं और जानबूझ आपेक्ष लगाकर जनता के काम अटका रहे हैं।
-सदस्य अरविंद सांखला ने तिंवरी-मथानिया वृहद जल परियोजना का मुद्दा उठाया और कहा कि बावड़ी, भोपालगढ़ तथा मथानिया के कुछ गांवों को मांग के अंतिम छोर तक पानी नहीं मिल रहा।
-सदस्य श्यामलाल चौधरी ने भोपालगढ़ के गोदारा के बास में सीसी सड़क के अधूरे निर्माण का मुद्दा उठाया, जिस पर सदन अध्यक्ष ने सीईओ को जांच के आदेश दिए।
-सदस्य सत्यनारायण विश्नोई ने लोहावट में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं बिजली घर में लम्बे समय से स्वीकृत होने के बाद भी शुरू नहीं होने को लेकर अफसरों पर लापरवाही का आरोप लगाया और कहा कि अब तो हमारा राज है, अब तो कर दो।
-बापिणी प्रधान कमुं कंवर ने कहा कि उनकी ओर से स्वास्थ्य केन्द्रों का निरीक्षण किया गया, केन्द्र बंद मिले, इस पर सीएमएचओ डॉ. बलवंत मंडा ने कार्रवाई की बात कही।
-कांग्रेस से जिला परिषद सदस्य बोले, चार साल तक हम चुप रहे, अब हमारा राज है, अब तो अफसरों को जवाब देना पड़ेगा।


अब तो मुख्यमंत्री हमारे, फण्ड दिलाएं-
बैठक में कई सदस्यों ने लोहावट विधायक किसनाराम विश्नोई से आग्रह किया है कि अफसरों के अनुसार कई योजनाएं फण्ड के अभाव में अटक रही है। इसलिए विधायक सरकार से इन योजनाओं में फण्ड जारी करवाकर आगे बढ़ाएं। सदस्यों ने यह भी कहा कि अब तो मुख्यमंत्री भी जोधपुर के हैं, इसलिए हमें विकास के लिए फण्ड मिलने में कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए।