
जोधपुर. डॉ एसएन मेडिकल कॉलेज के पैथोलॉजी विभाग के अधीन प्रयोगशालाओं को एनएबीएल की ओर से प्रमाणिकता प्रदान की गई है। वरिष्ठ आचार्य व विभागाध्यक्ष डॉ आनंद राज कल्ला ने बताया कि पैथोलॉजी विभाग व उससे संबंधित तीनों अस्पतालों (एमडीएम अस्पताल, उम्मेद अस्पताल व एमजीएच) की पैथोलॉजी प्रयोगशालाओं को एनएबीएल की ओर से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित मानको आईएसओ 15189:2012 के अंतर्गत प्रमाणिकता प्राप्त की गई है। उक्त प्रमाणिकता प्राप्त करने के लिए पिछले दो सालों से विभाग व प्रयोगशाला के चिकित्सक व लेबोरेट्री स्टाफ सम्मिलित रूप से प्रयासरत थे। राजस्थान के सभी राजकीय चिकित्सालयों व चिकित्सा महाविद्यालयों में डॉ एसएन मेडिकल कॉलेज का पैथोलॉजी विभाग ही ऐसा है जिसकों एनएबीएल की प्रमाणिकता प्राप्त हुई है। प्रमाणिकता प्राप्त होने से चिकित्सकों, मरीजों व उनके परिजनों का प्रयोगशाला जांचों की गुणवत्ता पर विश्वास बढ़ेगा व लोग सरकारी अस्पताल की प्रयोगशाला सेवाओं का भरपूर लाभ ले पाएंगे। एनएबीएल प्रमाणिकता प्राप्त करने के लिए प्रयोगशाला की विभिन्न परीक्षणों के दौर से गुजरना पड़ता है। उपरोक्त प्रमाणिकता प्राप्त करने में पूर्व व वर्तमान प्रधानाचार्य व नियंत्रकों सहित अस्पताल स्तर पर अधीक्षक डॉ पीसी व्यास, डॉ रंजना देसाई व डॉ एसके आसेरी और विभाग स्तर पर डॉ किशोर खत्री, डॉ ओमवीर सिंह चौहान, डॉ तरुण शर्मा, डॉ अर्पिता सिंघवी व डॉ अपूर्वी दूबे का सहयोग रहा।