
जोधपुर. कांग्रेस संगठन के राष्ट्रीय संगठन महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को सरदारपुरा विधानसभा क्षेत्र से नामांकन भरा। गहलोत ने जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष परचा भरा। गहलोत व वैभव गहलोत ने हमेशा की तरह पावटा में आम जनता और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम में रमेश बोराणा, सुपारस भंडारी, वैभव गहलोत, इकबाल खान आदि कांग्रेस नेता मौजूद थे।
21 किलो की माला,रोड शो किया
उत्साहित कार्यकर्ताओं ने गहलोत को 21 किलो की माला पहनाई। गहलोत ने नामांकन भरने और सभा से पहले महामंदिर पहली पोल के अंदर थड़ा बास स्थित मकान की गली में रोड शो किया। इस दौरान नई सड़क, पावटा और कलक्ट्रेट तक आम जनता और कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी रही। पूर्व मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय कांग्रेस संगठन के महासचिव अशोक गहलोत ने नामांकन दाखिल करने से पूर्व महामंदिर स्थित अपने पैतृक निवास पर पिता लक्ष्मणसिंह गहलोत की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। उनके पहुंचने से पहले उनकी पत्नी व पुत्रवधु निवास पर पहुंची थीं।
गहलोत का जगह-जगह स्वागत
रोड शो करते हुए अपने घर पहुंचने के दौरान गहलोत का जगह-जगह स्वागत किया गया और समर्थकों ने उनके समर्थन में नारेबाजी की। यहां वे वापस पैदल ही महामंदिर पोल तक पहुंचे। इसके बाद चार पहिया वाहन में वे पावटा स्थित अपने कार्यालय पहुंचे और सभा को संबोधित किया। साथ ही अपने कार्यालय का उद्घाटन किया। दोपहर में गहलोत ने अपना नामांकन दाखिल किया। गहलोत के जोधपुर में होने पर रात को रेजीडेंसी रोड स्थित एक कांग्रेस नेता की होटल में भी कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी रही थी।
……….