
जोधपुर. राजस्थान पुलिस में कांस्टेबल के 13142 पदों के लिए लिखित परीक्षा शनिवार को शुरू हुई। रविवार को भी 22 परीक्षा केन्द्रों पर दो पारियों में कांस्टेबल भर्ती के लिए लिखित परीक्षा शुरू हुई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) कैलाशसिंह सांदू के अनुसार शनिवार को परीक्षा शांतिपूर्ण हुई। शेष अभ्यर्थियों के लिए रविवार सुबह 10 से दोपहर 12 बजे व दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक परीक्षा होगी। परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। हर केन्द्र सीसीटीवी कैमरे की नजर में रहा। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर कम से कम दस पुलिस अधिकारी व जवान तैनात किए गए। परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों की केन्द्र के बाहर ही सघन तलाशी ली गई। फोटो, ई-प्रवेश पत्र व परिचय पत्र के साथ पेन के अलावा किसी अन्य सामग्री को साथ में ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। अधिकांश अभ्यर्थी अन्य जिलों से आए थे। ऐसे में सभी के पास बैग व पाठ्य सामग्री थी, जो केन्द्र के बाहर ही रखवा दी गई।कांस्टेबल भर्ती में नकल गिरोह से बचने के लिए पुलिस मुख्यालय ने दो दिन में चार पारियों में लिखित परीक्षा की व्यवस्था की। आवेदन करने वाले अभ्यर्थी को सिर्फ एक ही पारी में परीक्षा देनी है। अधिकांश अभ्यर्थियों के सेंटर उनके गृह जिलों की बजाय अन्य जिलों में दिए गए थे। ऐसे में बस स्टैण्ड व रेलवे स्टेशन पर भीड़ रही।