
जोधपुर. प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सोमवार को तापमान में गिरावट आने से सर्दी तेज हो गई। पर्वतीय स्थल माउंट आबू में तापमान 7.4 डिग्री रहा, वहीं शेखावटी अंचल पहाड़ों से भी ठण्डा रिकॉर्ड किया गया। सीकर 5.5 डिग्री पर धूजने लग गया। चूरू 7.3 डिग्री पर ठिठुरा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान के और अधिक लुढकऩे की संभावना है।
सूर्यनगरी में सोमवार को न्यूनतम तापमान कल के मुकाबले करीब दो डिग्री गिरकर 12.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। हवा में ठण्डक होने के कारण सुबह-सुबह सर्दी रही। आसमान साफ होने की वजह से शीघ्र धूप निकल आई। सर्द मौसम के कारण शहरवासी देर सुबह तक धूप सेकते देखे गए। चटक धूप खिली रहने के कारण अधिकांश समय तक धूप में खड़े रहने पर तपिश महसूस हो रही थी लेकिन छाया में सर्दी का अहसास हो रहा था। दिन में भी गर्म कपड़े पहनने पड़े। दोपहर में तापमान 28.1 डिग्री रहा। शाम गहराने के बाद सर्दी ने फिर रंग दिखाना शुरू किया। रात में सर्दी के कारण बाहर निकलने वाले लोग जाब्ते में नजर आए। जिले के ग्रामीण हिस्सों में अधिक सर्दी रही। यात्रा करने वाले लोग लबादे साथ में लेकर निकले।
जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 10.4 और अधिकतम 26.4 डिग्री रहा। बाड़मेर में रात का पारा 12 व दिन का 28.4 डिग्री मापा गया। बीकानेर में तापमान 9.3 और श्रीगंगानगर में 9.5 डिग्री रहा।