
विकास चौधरी/जोधपुर. हाथों में बैनर व तख्तियों पर यातायात नियमों का शत-प्रतिशत पालन, हेलमेट पहने बिना दुपहिया वाहन पर सवार न होने और वर्ष 2020 तक सडक़ दुर्घटनाओं में पचास प्रतिशत कमी लाने का संदेश देते हुए छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को सडक़ सुरक्षा जन जागृति रैली ‘वॉकथान’ निकाली। उम्मेद राजकीय स्टेडियम से रातानाडा स्थित पुलिस लाइन तक दो किमी तक पन्द्रह सौ से दो हजार विद्यार्थियों के साथ पुलिस अधिकारी व जवान और स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारियों ने आमजन को सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों की पालना करने की अपील की।
पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय व यातायात) गगनदीप सिंगला, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) निर्मला विश्नोई व न्यूरो सर्जन डॉ नगेन्द्र शर्मा ने संयुक्त राष्ट्र सतत विकास लक्ष्य दिवस पर उम्मेद राजकीय स्टेडियम से हरी झण्डी दिखाकर रैली को रवाना किया। हाथों में बैनर व तख्तियां लिए स्कूल व कॉलेज की छात्र-छात्राएं आमजन को सडक़ दुर्घटनाओं में होने वाली क्षति के प्रति आगाह करते रहे। उन्होंने तेज स्वर में बगैर हेलमेट दुपहिया वाहन पर सवार न होने, बगैर सीट बेल्ट कार न चलाने व तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन न चलाने का आग्रह किया। साथ ही इनसे होने वाले नुकसान से आगाह कराया।
उम्मेद राजकीय स्टेडियम से हाईकोर्ट रोड, नई सडक़ चौराहा, जेल तिराहा, खास बाग होकर यह रैली पुलिस लाइन मैदान में पहुंची, जहां हेड कांस्टेबल हनुमान सिंह ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की शत-प्रतिशत पालना करके वर्ष 2020 तक देश में सडक़ हादसों में पचास प्रतिशत कमी लाने की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने भी पुलिस अधिकारी व जवानों को सभी नियमों की पालना करने का विश्वास दिलाया। रैली में यातायात पुलिस, परिवहन विभाग, एनसीसी, एनएसएस, होमगार्ड के साथ ही विभिन्न कॉलेज व विद्यालयों के छात्र छात्राएं और कई एनजीओ के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए।