
जोधपुर. श्री लंका क्रिकेट टीम के प्लेयर जीवन मेंडिस गुरुवार को जेट एयरवेज दिल्ली की फ्लाइट से जोधपुर पहुंचे। जीवन मेंडिस एक क्रिकेट अकैडमी के उद्घाटन समारोह में शिरकत करने के लिए जोधपुर आए हैं। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में जीवन मेंडिस ने राजस्थान की तारीफ की और कहा कि वे यहां समारोह में शिरकत करने के साथ शहर के खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करेंगे। इसके साथ ही यहां तारक मेहता का उल्टा चश्मा के कलाकार भी दिखे। तारक मेहता का किरदार निभा रहे शैलेष लोढ़ा के साथ नट्टू काका का किरदार निभा रहे घनश्याम नायक, बाघा का किरदार निभा रहे तन्मय वेकारिया, डॉ अय्यर का किरदार निभा रहे तनुज महाशब्दे और अब्दुल का किरदार निभा रहे शरद सांखला स्पॉट किए गए। अदाकारों के प्रति यहां खासा क्रेज देखने को मिला। लोग उनके साथ सेल्फी खिंचवाने को आतुर दिखे।
कनिका ने कहा बेटियों पर करें विश्वास
दिया और बाती फेम टीवी अभिनेत्री कनिका माहेश्वरी जेट एयरवेज दिल्ली की फ्लाइट से जोधपुर पहुंची। कनिका एक डांडिया कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए जोधपुर आई हैं। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में कनिका ने देश की बेटियों को एक अच्छे प्लेटफॉर्म और मुकाम हासिल करने के सवाल पर कहा कि हमें अपनी बेटियों पर विश्वास करना चाहिए और हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुहिम बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ को बढ़ावा दें। आप यकीन करेंगे तभी बेटियों पर देश भी यकीन करेगा।