
जोधपुर.
बनाड़ रोड स्थित खोखरिया रेलवे क्रॉसिंग पर बुधवार देर शाम मालगाड़ी की चपेट से एक युवक की मृत्यु हो गई। बनाड़ थाना पुलिस को अंदेशा है कि सैन्य भर्ती मे विफल रहने व बेरोजगारी की वजह से उसने जान दी है।
उप निरीक्षक शिवलाल के अनुसार भोपालगढ़ थानान्तर्गत पालड़ी राणावता में कुम्हारों की ढाणी निवासी संतोष खदाव (24) पुत्र रामनिवास जाट की देर शाम सवा छह बजे खोखरिया रेलवे क्रॉसिंग पर मालगाड़ी की चपेट से मृत्यु हो गई। अंदेशा है हि उसने जानबूझकर ट्रेन के बीच कूदकर जान दी है। चालक ने मालगाड़ी रोकी और अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस भी मौके पर पहुंची। मृतक के पास मिले परिचय पत्र से परिजन को सूचना दी गई। जांच के बाद शव महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मृतक बेरोजगार था और लम्बे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं के साथ-साथ सेना में भर्ती के लिए प्रयास कर रहा था। उसने तीन-चार बार सेना भर्ती रैली में भाग्य आजमाया था, लेकिन उसका चयन नहीं हुआ था। इससे वह मानसिक परेशान था। संभवत: इसी वजह से उसने आत्महत्या की है।