
गजेन्द्र सिंह दहिया/जोधपुर. पूर्वी अफ्रीकी देश सोमालिया से अगले सप्ताह भारत में घुसपैठ होने वाली है लेकिन इस बार यह घुसपैठ सोमालियाई समुद्री लुटेरों की नहीं वरन् रेगिस्तानी टिड्डी की होगी। टिड्डी दल मानसूनी हवाओं के साथ अरब सागर पार करके गुजरात के तट पर पहुंचेंगे। नए टिड्डी दलों से अब खरीफ की फसल को नुकसान की आशंका है। संयुक्त राष्ट्र संघ (यूएनए) के खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) ने सोमवार को बड़े टिड्डी हमले के लिए भारत सरकार को चेताया है।
पूरे विश्व में वर्तमान में 17 देशों में रेगिस्तानी टिड्डी है। सर्वाधिक टिड्डी भारत में है। पूरा राजस्थान टिड्डी की चपेट में आने से लाल रंग में रंगा गया है। टिड्डी की उड़ान इस कदर है कि 12 जुलाई को एक बड़ा दल बिहार को पार करके नेपाल में घुस गया। एएफओ के मुताबिक पूर्वी अफ्रीका देश सोमालिया, इथोपिया और केन्या में भयंकर टिड्डी मौजूद है। वहां लगातार टिड्डी प्रजनन कर रही है। इधर भारत व पाकिस्तान दोनों के बॉर्डर के पास टिड्डी प्रजनन शुरू हो चुका है।
ईरान व पाक से भारत में शिफ्ट हो रही टिड्डी
ईरान व पाकिस्तान से अधिकांश टिड्डी भारत में शिफ्ट हो चुकी है। अगर मानसूनी हवाओं में बदलाव हुआ तो दक्षिण भारत तक टिड्डी पहुंचने की आशंका है।
पाक ने कहा, हमारे यहां टिड्डी खत्म
भारत, पाकिस्तान, अफगानितस्तान व ईरान के दक्षिण पश्चिमी एशियाई देशों की वर्चुअल बैठक सोमवार को हुई। बैठक में एफएओ के प्रतिनिधियों को पाक ने साफ कहा कि उनके यहां टिड्डी अब खत्म हो गई है। उन्होंने मार दी है जबकि तीन दिन पहले ही पाक से भारत में एक साथ 8 दल आए थे। भारत द्वारा बार-बार विरोध करके बाजवूद पाक एफएओ से आंकड़े छुपा रहा है।
विश्व में कहां-क्या स्थिति
– भारत में जुलाई के महीने में टिड्डी का प्रजनन बढ़ेगा। यहां 10 राज्यों तक टिड्डी पहुंची।
– पाकिस्तान में थारपारकर, चोलिस्तान व नारा डेजर्ट में टिड्डी का प्रजनन। बलूचिस्तान में कम हुई।
– नेपाल के कई हिस्सों में बिखरी है टिड्डी।
– केन्या में गुलाबी टिड्डी दल मौजूद।
– युगांडा में एक टिड्डी दल घुसा, 10 जुलाई को वहां एयर ऑपरेशन हुआ।
– दक्षिणी सूडान में टिड्डी अंडे दे रही, कई दल परिपक्व हुए।
– इथोपिया के उत्तर और पूर्व में टिड्डी की संख्या बढऩे का अनुमान।
– सूडान में अच्छी बरसात होने से केन्या के टिड्डी दल माइग्रेट करेंगे।
– चाड देश में सूडान से टिड्डी प्रवेश करेगी।
– इरिट्रिया में कुछ दलों के पश्चिमी हिस्से में प्रजनन की आशंका।
– अरब प्रायद्वीप के अंदरूनी हिस्सों में लगातार ब्रीडिंग।
– लाल सागर के दोनों और बरसात होने से सऊदी अरब में गुलाबी टिड्डी बढ़ी।
– ओमान में टिड्डी के होपर ग्रुप तैयार।
– यमन में समुद्र से लगते किनारों पर कुछ टिड्डी मौजूद।
– यूएई व अफगानितस्तान में बिखरी हुई टिड्डी, छोटे-छोटे दल।
– ईरान में कुछ बड़े व कुछ छोटे दल में टिड्डी।