ओंकारेश्वर में डुबने की घटनाएं निरंतर सामने आ रही है। हालांकि प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं को चेतावनी दी जाती है किंतु श्रद्धालुओं द्वारा इसकी अनदेखी कर गहरे पानी में जाने से डूबने की घटनाएं निरंतर सामने आ रही हैं। शनिवार दोपहर को भी अभय घाट पर दो श्रद्धालु नहाते समय गहरे पानी में चले गए। नाविकों ने जैसे ही देखा, नदी में छलांग लगाई और दोनों युवकों को बचाया।
शनिवार दोपहर राजस्थान के दौसा जिले से आए 5 श्रद्धालु अभय घाट पर स्नान कर रहे थे। इस दौरान दो युवक रोहित सिंह एवं गुरु प्रताप सिंह अभय घाट पर नहाते नहाते गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घाट पर नहा रहे बैतूल निवासी सज्जन सिंह ने अपनी धोती बढ़ाकर युवकों को बचाने की कोशिश की। इसी बीच पास में मौजूद नाविक अमन चौहान और आकाश वर्मा ने साहस दिखाते हुए तैरकर एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं दूसरा युवक गहरे पानी में बहता हुआ अभय घाट से नवीन घाट की ओर जाने लगा। नवीन घाट पर नाविक संघ के अमर वर्मा, महेश वर्मा, गब्बर वर्मा और गणेश वर्मा ने डूब रहे युवक की ओर नाव दौड़ा कर मौत के मुंह में जाने से बचा लिया। शासन-प्रशासन की ओर से लगातार गहरे पानी से दूर रहने और सावधानी बरतने की मुनादी कराई जा रही है, लेकिन श्रद्धालु चेतावनी को नजरअंदाज कर देते हैं।