24 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

खंडवा
जिला प्रशासन की बड़ी चूक… दिव्यांगों के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर रांची के व्यक्ति का निजी नंबर
Play video

जिला प्रशासन की बड़ी चूक… दिव्यांगों के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर रांची के व्यक्ति का निजी नंबर

-एक माह से परेशान है व्यक्ति, कांग्रेस ने किया खुलासा, फोन पर चर्चा की -कांग्रेस ने सरकार पर लगाया लापरवाही का आरोप, किया प्रदर्शन
Google source verification

खंडवा

image

Manish Arora

Nov 29, 2025

हैलो… मैं खंडवा से पुष्पकर दास त्यागी बोल रहा हूं, मेरा निवेदन है कि दिव्यांगों के लिए चल रही स्वरोजगार योजना में मैं लाभ लेना चाहता हूं। जवाब मिला… देखिए आपने जो फोन मिलाया है न, वह झारखंड में है, मैं झारखंड के रांची से बोल रहा हूं, मेरा नंबर किसी ने गलत दे दिया है। पिछले एक माह से मैं खुद परेशान हूं। मेरा आधार, पेनकार्ड, बैंक एकाउंट सब में ये नंबर है, इसे बंद भी नहीं कर सकता। इस मामले में मैं शिकायत करुंगा।

यह संवाद है मप्र सरकार द्वारा दिव्यांगों की समस्या के समाधान लिए प्रदेशभर में जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर पर दिव्यांग और जारी नंबर के फोन के उपयोगकर्ता के बीच का। करीब एक माह पूर्व मप्र सरकार ने दिव्यांगों को लेकर एक फोन नंबर जारी किए है, जो कि प्रदेशभर सहित खंडवा में कई जगह लगे है। इसमें लिखे हेल्पलाइन नंबर पर फोन करने पर रांची में किसी राजेंद्र कश्यप को लग रहा है। निजी नंबर होने से उक्त व्यक्ति तो परेशान है ही, मप्र में अपनी समस्याओं को लेकर इस नंबर पर फोन करने वाले दिव्यांगों को भी उचित मार्गदर्शन नहीं मिल पा रहा है। इस मामले को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस ने आपत्ति भी जताई।

दिव्यांगों के साथ अस्पताल परिसर में किया प्रदर्शन
शुक्रवार को शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी के नेतृत्व में कांग्रेस ने दिव्यांगों के साथ मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल में लगे पोस्टर के सामने प्रदर्शन किया। प्रतिभा रघुवंशी ने आरोप लगाया कि इस गंभीर त्रुटि ने न केवल मप्र के दिव्यांगजन को परेशान किया है, बल्कि उस निर्दोष व्यक्ति को भी लगातार आने वाली कॉल्स के कारण मानसिक तनाव और असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। यह स्थिति सरकार की कार्यप्रणाली और संवेदनशील विषयों पर उसकी गैर-जिम्मेदारी को स्पष्ट रूप से उजागर करती है। प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष दीपक मुल्लू राठौर, रचना तिवारी, हेमलता पालीवाल, मनोज मंडलोई, प्रेमांशु जैन, रणधीर कैथवास, शराफत खान, असलम गौरी, शहजाद पवार, वामनराव जाधव, अब्दुल कादर, नरसिम्हा, नासिर खान सहित अन्य कांग्रेसजन व दिव्यांगजन मौजूद थे।

कांग्रेस ने की यह मांग
तत्काल प्रभाव से सही हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाए।
जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
भविष्य में इस तरह की त्रुटियों से बचने के लिए सख्त सत्यापन प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।

त्रुटिवश अंकित हो गया था
जिला स्तर पर सामाजिक न्याय विभाग द्वारा प्रदर्शित होर्डिंग मेंं दिव्यांगजन हेल्पलाइन नंबर त्रुटिवश गलत अंकित हो गया था। नि:शुल्क हेल्पलाइन नंबर 1800 233 4397 है, जो कि तकनीकी कारण से अस्थाई रूप से बंद है। इस समस्या को दूर करने की कार्रवाई की जा रही है।
निकिता मंडलोई, उपसंचालक सामाजिक न्याय