No video available
भारतीय आजाद आदिवासी पार्टी (बीएएपी) ने आदिवासी ग्रामों में भारी भ्रष्टाचार आक्रोश जताया है। साथ ही बीएएपी ने जनपद पंचायत के सहायक यंत्री गौरव रघुवंशी पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाए है। बुधवार को बीएएपी पदाधिकारियों ने रैली निकालकर नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां कलेक्टर के नाम दो अलग-अलग ज्ञापन एडीएम केआर बड़ोले को सौंपे। जिसमें भ्रष्टचार की जांच करने सहित गौरव रघुवंशी द्वारा कराए गए कार्यों की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की।
कागजों पर काम, हकीकत में नहीं
बीएएपी के संस्थापक राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि वास्कले ने बताया कि जनपद पंचायत खंडवा की ग्राम पंचायत लखनगांव, केसुन, सलाई, कावेश्वर, भकराड़ा, खेड़ी में किए गए विकास कार्यों में भारी अनियमितता की गई है। आदिवासी ग्रामों में पंचायत द्वारा कोई भी कार्य सही तरीके से नहीं किया गया है। कई काम कागजों पर दिखाए गए है, लेकिन मौके पर मौजूद नहीं है।
इन कामों की निकाली राशि
बीएएपी ने आरोप लगाया कि इन कामों की राशि भी निकाली गई है और मजदूरी का भुगतान भी दर्शाया गया है। बीएएपी पदाधिकारियों ने ऐसे 18 कार्यों की सूची भी सौंपी है। साथ ही इनकी जांच की मांग करते हुए जांच प्रतिवेदन देने की मांग की है, ताकि मौके पर जाकर इनका सत्यापन भी स्वयं पार्टी पदाधिकारियों द्वारा किया जाएगा।
छह साल से एक ही जगह जमे रघुवंशी
बीएएपी पदाधिकारियों ने जनपद पंचायत खंडवा के सहायक यंत्री गौरव रघुवंशी पर भी भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। पदाधिकारियों ने कहा गौरव रघुवंशी का मूल पद उपयंत्री है, लेकिन नियम विरुद्ध उन्हें सहायक यंत्री का प्रभार दिया गया है। गौरव रघुवंशी द्वारा कावेश्वर पंचायत में हुए कार्यों में भारी आर्थिक अनियमितता की गई है। इसकी शिकायत के बाद भी उसके खिलाफ शासन स्तर पर कोई जांच तक नहीं कराई गई है। बीएएपी राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि वास्कले ने बताया कि गौरव रघुवंशी पिछले छह साल से एक ही जगह पर जमे हुए है, शिकायतों के बाद भी उसे हटाया नहीं जा रहा है।
दी चेतावनी, करेंगे उग्र आंदोलन
बीएएपी पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं की गई तो आगामी दिनों में आंदोलन भी किया जाएगा। ज्ञापन के दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंदू कनेश, जिलाध्यक्ष नवल कनेश, जिला महासचिव राहुल चौहान, विधानसभा अध्यक्ष राजू डुडवे, जिला कोषाध्यक्ष महिपाल कनेश सहित महिला विंग की पदाधिकारी भी मौजूद रहीं।