
देश में स्वतंत्रता के बाद 8वीं और पहली बार डिजिटल जनगणना हो रही है। डिजिटल जनगणना में लोग खुद से ही अपनी जानकारी पोर्टल पर भर रहे है। खंडवा जिले में स्व जनगणना (सेल्फ इन्युमेरेशन) को लेकर लोगों में जिज्ञासा भी है और रूचि भी, जिसके चलते अब तक 12 हजार से अधिक परिवार जनगणना पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज करा चुके है। स्वयं जनगणना 30 अप्रेल तक चलेगी, जिसके बाद प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी जुटाएंगे।
बैंक डिटेल, ओटीपी नहीं मांगेंगे
जनगणना नोडल अधिकारी सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर नेबताया कि एक मई से घर-घर पहुंचने वाले प्रगणक 34 बिंदुओं पर जनकारी जुटाएंगे। इसमें भवन की स्थिति, परिवार सदस्यों की संख्या, मुखिया का नाम, नल कनेक्शन, बिजली कनेक्शन, शौचालय, गैस कनेक्शन, रेडियो, टीवी, केबल कनेक्शन, साइकिल, बाइक, कार, खाया जाने वाला मुख्य अन्न और आपका मोबाइल नंबर पूछेंगे। आपको सावधानी रखनी है, प्रगणक आपसे आधार कार्ड नंबर, पैन कार्ड नंबर, बैंक जानकारी, किसी भी प्रकार की ओटीपी जैसी जानकारी नहीं ली जाएगी।
आसान है स्वयं गणना
इस बार डिजिटल जनगणना की जा रही है। पोर्टल पर स्वयं गणना करना बहुत आसान है। स्वयं गणना करने के बाद एक यूनिक आइडी नंबर प्राप्त होता है, जिसे एक मई से शुरू होने वाली गणना के दौरान प्रगणक को दिखाने पर आपके परिवार की गणना हो जाएगी।
ऋषव गुप्ता, कलेक्टर व जिला जनगणना अधिकारी