विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को लेकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस एकजुट हो गई है। शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस ने रैली निकालकर केवलराम चौराहा पर विरोध प्रदर्शन किया।
किया मंत्री का पुतला दहन
औकात टिप्पणी पर कांग्रेस पूरी तरह नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के समर्थन में उतर आई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और प्रभारी ने इसे जनता का अपमान बताया, जबकि यूथ कांग्रेस ने पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया। इस मामले में प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत पुतला दहन किया गया। साथ ही मंत्री विजयवर्गीय का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की और इस्तीफे की मांग भी की।
पैदल मार्च निकालकर पहुंचे केवलराम चौराहा
जिला कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि दोपहर 2.30 बजे शुरू हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने गांधी भवन से पैदल मार्च निकालकर केवलराम चौराहे पर पहुंचकर मंत्री के खिलाफ नारे लगाते हुए बयान को लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध बताया और सार्वजनिक माफी की मांग की। कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।
ये जनता का अपमान है
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ग्रामीण उत्तमपाल सिंह ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को “औकात” कहने का मतलब है प्रदेश की करोड़ों जनता का अपमान। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के अहंकार में डूबी सरकार सवालों से बचना चाहती है। कुंदन मालवीय ने इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन बताया। उन्होंने कहा कि जब सरकार के पास जवाब नहीं होते, तब वह अपमानजनक भाषा का सहारा लेती है।
ये रह मौजूद
इस अवसर पर यूथ कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र दादू, सरोज बघेल, रामपाल सिंह केहलारी, राजकुमार कैथवास, शहजाद पवार, मनोज मंड़लोई, अनिल जाधव, सागर पवार, प्रियेश चोकडे, संजय पाटीदार, धर्मेन्द्र राठौर, दिव्यांश ओझा, प्रेमांशु जैन, अब्दुल कादिर, नासिर खान, पलाश जैन सहित कांग्रेसजन मौजूद थे।