– अलग-अलग पेशों के लोगों को जोड़कर बनाया गिरोह, नकली क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर की वारदात
नर्मदानगर में डकैती के मामले में गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम में प्रेसवार्ता हुई। जिसमें पुलिस अधीक्षक राय ने बताया कि आरोपी नरसिंह को जेल में बंद रहने के दौरान किसी बंदी से पता चला था कि पामाखेड़ी का ललित सोलंकी राजपरिवार का सदस्य है और उसके घर में फर्श के नीचे बने तहखाने में सोना-चांदी काफी मात्रा में रखा है। 11 मार्च की रात में बेरछा में अब्दुल निसार के घर पर शराब पार्टी की और रात 1 बजे बिना नंबर की दो कार से पामाखेड़ी पहुंचे।
आरोपियों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया
12 मार्च को आठ आरोपी जिसमें दो वर्दी में थे वे ललित सोलंकी के घर गए। घर के बाहर खडे नौकर बसंत से उन्होंने कहा कि वे क्राइम ब्रांच के अधिकारी है और सोलंकी के बारे में पूछने लगे। घर के अंदर जाकर कर्मचारी बसंत,उमेन सिंह, तोताराम के हाथ-पैर बांधकर कमरे में बंद कर दिया था। घर के अंदर से 1.60 लाख रुपए और एक बंदूक लूट ली। लाल रंग की कार में डॉक्टर शहजाद और तन्मय नजर रखने के लिए सोलंकी के घर से कुछ दूर रुक गए थे। इसके अगले दिन 13 मार्च को दिन में 10 बजे आरोपियों ने धार में ठेकेदार के घर नकली इन्कम टैक्स अधिकारी बनकर लगभग 1 करोड़ की लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था।
यह आरोपी लगे पुलिस के हाथ
इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों में अब्दुल गफ्फार उर्फ राजा, डॉक्टर शहजाद खान, नरसिंह बघेल, अब्दुल निसार, सुरेंद्र सिंह उर्फ पप्पू सरपंच, अमन उर्फ विवेक सोनी, राजेंद्र उर्फ राजा, निलेश उर्फ बिल्ला और आकाश कंडारे शामिल हैं। पुलिस ने सभी को 28 मार्च तक रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इन आरोपियों में अब्दुल गफ्फार, डॉक्टर शहजाद और नरसिंह बघेल धार पुलिस की रिमांड पर थे। रिमांड खत्म होने पर पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में खंडवा, धार और शाजापुर की संयुक्त पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिसे पुलिस महानिदेशक और आईजी इंदौर जोन द्वारा पुरस्कृत करने की घोषणा भी की है।
आरोपियों का का आपराधिक रिकार्ड
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी डॉक्टर शहजाद ने अलग-अलग पेशों से जुड़े लोगों को मिलाकर यह गिरोह बनाया था। इनमें सफाई कर्मी, सरपंच, ड्राइवर, फल विक्रेता, बाइक मैकेनिक, बर्खास्त कर्मचारी, ज्वेलर्स और कैटरिंग कर्मी शामिल थे। आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। डॉक्टर शहजाद पर पहले से अपहरण का मामला दर्ज है, जबकि अन्य आरोपियों पर चोरी, लूट, गबन और धोखाधड़ी जैसे अपराध दर्ज हैं।
अब इन आरोपियों की तलाश
इस मामले में आरोपी इकबाल पिता इशाक खान निवासी (बेरछा), धमेंद्र दरबार पिता उदय सिंह झाला (आगरोद), आकाश, मुरलीधर उर्फ दादू पिता रामकिशन धानुक (उज्जैन), रंजीत उर्फ रणजीत पिता ग्यारसिंह कंजर (शाजापुर), तन्मय, तनू उर्फ साहिल पिता दिलीप सिंह हाडा (इंदौर) और संजय उर्फ महाराज पिता चंद्र प्रकाश शर्मा निवासी (हजारीपुरा, उत्तरप्रदेश) की तलाश हैं। आरोपियों पर 10 हजार रुपए का इनाम रखा गया।