पदमनगर में रहने वाले कपड़ा व्यवसायी हशमत गुरबानी के साथ वारदात हुई है। व्यवसायी का बॉम्बे बाजार और टपालचाल चौक पर कपड़ों का शोरूम है। उनका छोटा भाई गणेश गुरबानी सांसद प्रतिनिधि है। परिवार भाजपा से जुड़ा हुआ है। वे रोज की तरह बुधवार को दोपहर करीब एक बजे घर से टिफिन लेकर दुकान जा रहे थे। इस बीच रास्ते में उनके साथ यह सनसनी खेज वारदात हो गई। उन्होंने दुकान जाकर घटना के बारे में बताया। जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
एसपी ने घटनास्थल का जायजा लेकर व्यवसायी से की पूछताछ
एसपी मनोज कुमार राय और एएसपी महेंद्र तारणेकर भी कुछ ही देर में घटनास्थल पहुंचे। यहां सीएसपी अभिनव बारंगे और पदमनगर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण आर्य को व्यवसायी के घर से लेकर वारदात की जगह के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे तलाशने के लिए कहा। इस दौरान व्यवसायी के परिवार के लोगों से भी चर्चा की। एसपी ने पदमनगर थाने पहुंचकर घायल व्यवसायी गुरबानी से पूछताछ की। भाजपा नेताओं का घटनास्थल व थाने भी जमावड़ा रहा।
व्यवसायी को कहा तुमको मालूम नहीं कल गांव वालों को लूट लिया
व्यवसायी ने बताया कि दोनों युवक खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए बोले कि कल गांव वालों को लूट लिया गया, जांच करनी है। उन्होंने पहचान पत्र दिखाने का नाटक किया और अंगूठी उतरवा ली। इस दौरान एक बाइक सवार को रोककर उसकी भी चेन छीन ली और उसे एक थप्पड़ मारा। यह देख उसे शक हुआ और उसने विरोध किया, तब बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने गले की चेन खींच ली और सिर पर हमला कर दिया। उसने हाथ में पहना कड़ा मार दिया।
लुटेरों की तलाश में पुलिस की पांच टीम
घटना के बाद पुलिस ने पांच टीमें गठित कर दी हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक राय ने बताया कि वारदात का तरीका इरानी गिरोह से मेल खाता है, इसलिए महाराष्ट्र पुलिस से भी संपर्क किया गया है। आसपास के जिलों में भी अलर्ट जारी किया गया है। फिलहाल एक ही व्यवसायी के साथ लूट की पुष्टि हुई है।