20 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

खंडवा

किसान आंदोलन : इस चिंगारी को अंगार और अंगार को आग ना बनने दे -गोपाल पाटीदार

-ट्रैक्टर में खराब फसल लेकर निकला राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ -किसानों और विस्थापितों की ललकार, रैली में एनएचडीसी के खिलाफ लगे नारे

Google source verification

खंडवा

image

Manish Arora

Sep 16, 2025

राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ और इंदिरा सागर विस्थापित संघ के संयुक्त तत्वावधान में किसानों और विस्थापितो की समस्याओं को लेकर पीडि़तों ने हुंकार भरी। किसान संगठन और विस्थापितों ने संयुक्त महासभा का आयोजन पुरानी अनाज मंडी में किया, जिसमें 50 से अधिक गांव के लोग शामिल हुए। प्रांत संगठन मंत्री गोपाल पाटीदार ने कहा इंदिरा सागर बांध पीडि़तों के धैर्य की परीक्षा न लें, इस चिंगारी को अंगार और अंगार से आग न बनने दें। सभा के बाद रैली के रूप में वाहनों से निकले। इस दौरान एक ट्रैक्टर टॉली भरकर खराब फसलें भी ले गए।

रैली जलेबी चौक, बांबे बाजार होते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंची। रैली में सबसे आगे एक ट्रैक्टर में खराब हो चुकी सोयाबीन की फसल रखी हुई थी। उपस्थित जन समुदाय की उपस्थिति में दो ज्ञापन राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय कृषिमंत्री, किसान आयोग के नाम अपर कलेक्टर केआर बड़ोंले को सौंपे। जिलाध्यक्ष राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ तिलोक पटेल, रवि दत्त राष्ट्रीय संगठन मंत्री और विस्थापित संघ के डॉ. डीएल बकोरिया ने ज्ञापन का वाचन किया। गोपाल पाटीदार, भगवानदास चौधरी, चंद्र कुमार सांड, गोपाल सिंह अवासीय, सुजान सिंह राठौड़, सुशीला राठौर, दौलत पटेल आदि मौजूद रहे। यहां ग्राम सुरगांव जोशी के किसानों ने पीला मोदक बीमारी से ग्रसित सोयाबीन की फसल अपर कलेक्टर को दिखाई और मुआवजा राशि की मांग की।

यह है विस्थापितों की मांग
-इंदिरा सागर बांध से उत्पन्न समस्याओं जिसमें स्पेशल पैकेज दिया जाए।
-पुनर्वास स्थलों का एनएचडीसी की सीएसआर मद से विकास किए जाए।
-नया हरसूद में व्यावसायिक भूखंडों का मालिकाना हक दिए जाए।
-एशिया का सबसे बड़ा पुनर्वास स्थल नया हरसूद में आवंटित भूखंडों पर शासकीय ऋण सुविधा प्रदान की जाए।
-नए हरसूद में आवासीय भूखंडों का समतलीकरण किए जाने की मांग।
-नए हरसूद में उद्योगों के स्थापना की मांग।
-वर्षों से लंबित डूब पीडि़तों के प्रकरणों का शीघ्रता शीघ्र निराकरण किए जाने की मांग।

यह है किसानों की मांग
-किसानों के ऋण माफी की मांग।
-पीला मोदक बीमारी से ग्रसित सोयाबीन की फसल को 100 प्रतिशत हानि मानकर धारा 6/4 के अंतर्गत राहत राशि दिए जाने की मांग।

ऋण मुक्ति के आवेदन भी लिए
सभा को बहादुर ठाकुर प्रदेश संगठन मंत्री, सतीश पटेल, दौलत पटेल जमुनिया, भगवान चौधरी बडग़ांव गुर्जर, गोपाल सिंह संगवाडा, जितेन्द्र चौरे अंबापाट, भगवान पटेल आदि ने संबोधित किया। सभा के दौरान किसानों से ऋण मुक्ति के आवेदन लिए गए। आभार सतीश पटेल ने माना।