– नवकार नगर में चोरी करने वाला पारदी गिरोह धराया, सिनेमा चौक में डेरा डालकर कर रहे थे चोरी
इस का खुलासा गुरुवार को पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय ने पुलिस कंट्रोल में प्रेसवार्ता में किया। उन्होंने ने बताया कि 20 से 22 फरवरी के बीच नवकार नगर में विजय राठौर और एक अन्य व्यक्ति के घर चोरी हुई थी। इस मामले में मौके पर मिले साक्ष्य व फिंगर प्रिंट से धीरज उर्फ दादा उर्फ दादिया पिता मदन पारदी (55) निवासी रतलाम, मुल्ला पिता मदन पारदी (40) निवासी ग्राम सिमलावदा, राजू पिता माधव मोंगिया (20) निवासी गुलगांव जिला रायसेन और आर्यन पिता लालु प्रसाद मोंगिया (20) साल निवासी रायसेन को गिरफ्तार किया है। चारों आरोपियों को 28 मार्च तक रिमांड पर लिया है। इस मामले में एक ओर आरोपी विवेक उर्फ चावलिया निवासी संभाजीनगर फरार हैं। आरोपियों से पूछताछ कर उसकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों ने चोरी की वारदात करना कबूल किया है। सोने का मंगलसुत्र, सोने के टॉप्स, चांदी की रंगझोल, चांदी की पायजेब बरामद की है। इस तरह से 3.25 लाख रुपए का माल बरामद किया है।
शहर के बीच सिनेमा चौक में रहकर वारदात
पारदी गिरोह ने शहर के बीच सिनेमा चौक पर अस्थाई डेरा डाल रखा था। दिन में रेकी करने के बाद रात में मौका देखकर आरोपी चोरी करते और सुबह होने से पहले ही अपने डेरे में वापस आ जाते थे। चोरी के घटना के बाद नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव बारंगे ने आरोपियों की तलाश में टीम लगा दी थी। आरोपी धीरज के फिंगर प्रिंट मेच होने पर पुलिस ने उसकी तलाश की। उसे ग्राम जावर में डेरे से गिरफ्तार किया। पूछताछ में धीरज ने बताया कि शहर में सिनेमा चौक पर उसके साथियों का अस्थाई डेरा है। उसकी साथी वहीं रह रहे हैं। इसके बाद पदमनगर पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरोह के सरगना धीरज पर 16 अपराध
मुख्य आरोपी धीरज उर्फ दादिया पर 16 प्रकरण पंजीबद्ध हैं। वर्ष 2024 में पंधाना पुलिस ने उसे गिरोह के साथ डकैती का प्रयास करते हुए पकड़ा था। इसके अलावा बुरहानपुर व देवास में भी एक प्रकरण दर्ज है। उस पर रतलाम में सबसे अधिक प्रकरण दर्ज है। इन सभी प्रकरण में गिरफ्तार करने में लिए गए फिंगर प्रिंट का स्टोर किया डेटा पुलिस के काम का आ गया। इस मामले को सुलझाने में पदमनगर थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद जमरे, कोतवाली थाना प्रभारी प्रवीण आर्य, एसआइ रामप्रकाश यादव, हर्ष सोनगरे, विरेंद्र अहिरवार, प्रधान आरक्षक लतेश तोमर सहित अन्य विशेष भूमिका रही।