नर्मदा पाइप लाइन फूटने की जानकारी गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड ने मांगी है। नेता प्रतिपक्ष दीपक मुल्लू राठौर ने 106 करोड़ की विश्वा कंपनी द्वारा डाली गई नर्मदा जल की पाइप लाइन 400 फूटने पर वल्र्ड रिकॉर्ड में शामिल करने आवेदन किया था। जिस पर गिनीज बुक प्रबंधन ने इसका डेटा मांगा है। मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष सहित कांग्रेस पार्षद कलेक्टर से मिलने पहुंचे। यहां कलेक्टर को पूरे मामले की जानकारी देकर डेटा उपलब्ध कराने की मांग आवेदन सौंपकर की है।
नेता प्रतिपक्ष मुल्लू राठौर ने बताया कि खंडवा नगर को पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विश्वा द्वारा चारखेड़ा से खंडवा तक बिछाई पाइप लाइन 400 बार फूट चुकी है। गिनीज बुक में सौ करोड़ से अधिक की परियोजना में सर्वाधिक 85 बार रिसाव (फूटने) का रिकॉर्ड एशिया के किसी देश का है। खंडवा में इससे पांच गुना अधिक बार पाइप लाइन फूटी है, इसलिए इसका नाम वल्र्ड रिकॉर्ड में शामिल होना चाहिए। इसके लिए गिनीज बुक में आवेदन किया गया था। वहां से इसकी स्वीकृति प्रदान की गई और प्रबंधन ने इस विषय में प्रामाणिक एवं आधिकारिक जानकारी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। मुल्लू राठौर ने इस संबंध में कलेक्टर को आवेदन सौंप नगर निगम/संबंधित विभाग से रिसाव की अधिकृत जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है। इस दौरान पार्षद शेख फरीद, मनोज मंडलोई, शब्बीर कादरी, बबलू पटेल सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।