आइसीसी टी-20 मेंस वल्र्डकप फाइनल में भारत के जीत दर्ज कराते ही शहर की सडक़ों पर लोगों का हुजुम उमड़ पड़ा। हाथों में तिरंगा लहराते, ढोल बाजों के साथ नाचते हुए क्रिकेटप्रेमी घंटाघर चौक पहुंचे। यहां जमकर आतिशबाजी करते हुए भारत माता की जय के नारे लगाए। देर रात तक भारतीय टीम का जश्न लोग मनाते नजर आए। इस दौरान बांबे बाजार में जाम की स्थिति भी बनी।
दोपहर में रंग पंचमी मनाने के बाद शाम से शहर की सडक़ों पर सन्नाटा पसरा पड़ा था। भारत के फाइनल जीतते ही केवलराम चौराहा, बांबे बाजार से लेकर घंटाघर तक भीड़ नजर आने लगी। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से मात देकर ये मिथक भी तोड़ा कि आज तक किसी भी मेजबान ने ट्रॉफी नहीं जीती है। मैच के 19वें ओवर में अभिषेक शर्मा के विकेट लेते ही आतिशबाजी शुरू हो गई। देखते ही देखते लोगों की भीड़ ढोल बाजों के साथ सडक़ों पर नजर आने लगी। हाथों में तिरंगा लिए, भारत माता की जय के नारे लगाते युवकों के साथ युवतियां भी पीछे नहीं रही। बढ़ती भीड़ को देख पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।