14 मार्च 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

खंडवा

मजदूरोंं को बंधक बनाकर 1.60 लाख रुपए व 12 बोर की बंदूक लूटी

इंदौर रेंज आइजी अनुराग के जाते ही भोपाल रोड ग्राम पामाखेड़ी में डकैती से दहशत मच गया। स्कॉर्पियो कार से आए 8 नकाबपोश बदमाशों ने दिन दहाड़े वारदात को अंजाम दिया। जयंती माता मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष ललित सोलंकी के घर में घुसकर तीन मजदूरों को बंधक बनाकर 1.60 लाख रुपए और एक 12 बोर की बंदूक लूट ली। तीनों मजदूरों को रस्सी से बांधकर कमरे में ही पटक गए। घटना से गांव के साथ आसपास के गांवों में भी दहशत का माहौल है।

Google source verification

गुरुवार सुबह करीब 6 बजे वारदात हुई है। ललित पिता वासुदेव सोलंकी क्षेत्र के संपन्न किसान हैं। करीब 40 एकड़ खेती है। इसके साथ ही वे जयंती माता मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष भी है। वे परिवार सहित वैवाहिक समारोह में सतवास गए हुए थे। घर पर दो मजदूर थे। सुबह कार से आए नकाबपोश बदमाशों ने घर के अंदर घुसते ही मजदूरों से पूछा था कि ललित कहां है। मजदूरों ने बताया कि वे सतवास गए हुए हैं। इसके बाद बदमाशों ने दोनों मजदूरों को बंधक बना लिया। हाथ पैर व मुंह बांधकर एक कमरे में बंद कर दिया। इसे बाद बदमाशों ने घर का हर एक कोना छाना। कमरों में घुसकर अलमारी व मंदिर तक गहने व रुपए तलाशते रहे। बदमाशों के हाथ कमरे में रखे 1.60 लाख रुपए लगे हैं। रुपयों के साथ बदमाशों ने एक बंदूक भी लूट ली।

तीसरे मजदूर को भी बांध दिया, चौथे आकर सभी को खोला

बदमाश घर के अंदर रुपए व गहनों की तलाश कर रहे थे। तभी सोलंकी का तीसरा मजदूर वहां आ गया। वह पशुओं का दूध निकालने रोज सुबह आता था। घर के अंदर घुसते ही बदमाशों ने उसे बंधक बना लिया। उसे भी बांध कर पहले से कमरे में बंधे हुए दो मजदूरों के साथ बंद कर दिया। करीब एक घंटे तक बदमाश घर के अंदर ही रहे। इसके बाद वहां से फरार हो गए। उनके जाने के कुछ देर बाद चौथा मजदूर आया, उसने घर के अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। जिसके बाद उसने बाहर से बंद एक कमरे को खोला तो देखा की तीन मजदूर बंधे हुए है। उसने तीनों को मुक्त कराया।

सीसीटीवी कैमरे में नजर आए बदमाश

मजदूरों ने फोन कर ललित सोलंकी को घटना की जानकारी दी। उन्होंने नर्मदानगर थाने में सूचना दी। इसके बाद नर्मदानगर थाना प्रभारी निरीक्षक विकास खिंची पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्हें मजदूरों ने घटना बताई। इस बीच सोलंकी भी घर पहुंच गए थे। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज चेक किए। सतवास मार्ग पर वन विभाग के चौकी के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाशों की कार नजर आई है। पुलिस ने एफएसएल टीम के साथ घटना से जुड़े साक्ष्य एकत्र किए हैं।

– बदमाशों की तलाश में टीमें लगाई गई है। सीसीटीवी फुटेज देख रहे हैं, फिलहाल इस मामले में डकैती की धारा में प्रकरण दर्ज किया है। घटनास्थल पर मिले साक्ष्य और सायबर सेल की मदद से बदमाशों की तलाश की जा रही है। – मनोहर गवली, एसडीओपी मूंदी।