
जिला प्रशासन ने बुधवार को ग्राम सिंगोट में बड़ी कार्रवाई की है। यहां खंडवा-अमरावती हाईवे पर मौजूद 120 अतिक्रमणों पर प्रशासन का पंजा चला। इस दौरान यहां व्यापारियों ने विरोध भी दर्ज कराया, लेकिन अधिकारियों के आगे एक न चली। कुछ देर हंगामें की स्थिति भी बनी, लेकिन मौजूद पुलिस बल से मामला संभाल लिया। कुछ अतिक्रमणकारियों ने अपने हाथों से अतिक्रमण हटाए, कुछ अतिक्रमण जेसीबी की मदद से तोड़े गए।
खंडवा-अमरावती मार्ग पर ग्राम सिंगोट में राजस्व विभाग द्वारा 150 अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस के बाद बुधवार को एसडीएम खंडवा बजरंग बहादुर, तहसीलदार महेश सोलंकी, नायब तहसीलदार विजय महाजन और अतिक्रमण दस्ता व पुलिस बल मौके पर पहुंचा। यहां डेढ़ किमी लंबाई तक रोड के दोनों ओर करीब 20-20 फीट के अतिक्रमण लोगों ने किए हुए है। जिसके चलते करीब 80 फीट का रोड 40 फीट का होकर रह गया है।
यहां एक शोरूम संचालक ने विरोध किया तो एसडीएम ने दस्तावेज मांग लिए। अन्य व्यापारी भी यहां विरोध में आए, लेकिन एसडीएम ने किसी की नहीं सुनी। इसके बाद यहां से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आरंभ की। सुबह 11 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक यहां 120 अतिक्रमण तोड़े गए। एसडीएम बजरंग बहादुर ने बताया कि यहां करीब 30 अतिक्रमण ओर बचे है, जिन्हें भी तोड़ा जाएगा। इसके बाद गांव के अंदर भी अतिक्रमणों को चिह्नित कर तोडऩे की कार्रवाई की जाएगी।