सिंघाड़ तलाई के रहने वाले आरोपी प्रभाकर शिंदे ने 5 मार्च को सोशल मीडिया पर धर्म विशेष को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट किया था। जिसके आक्रोशित धर्म विशेष के युवकों ने मोघट थाने का घेराव कर जमकर हंगामा किया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस के समझाने पर भी युवकों का झुंड हंगामा कर राह चलते लोगों के साथ मारपीट करने लगा। रोकने पर पुलिस पर पथराव कर दिया था, जिसके बाद पुलिस ने लाठी चार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया था। इसके बाद माहौल शांत हुआ था।
पैदल घुमाकर आरोपी को भेजा जेल
पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रभाकर शिंदे पर केस दर्ज किया था। साथ ही उसे जेल भेज दिया था। अब उस पर पांच दिन बाद मंगलवार को एनएसए की कार्रवाई की गई। उसे कोर्ट से रिमांड पर लेकर थाने लाया गया था। यहां उससे पूछताछ की गई साथ ही सोशल मीडिया आइडी की जानकारी निकाली गई। इसके बाद उसे पुलिस वाहन में बैठाकर नगर निगम कार्यालय के सामने लेकर पहुंची। यहां से थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेश धारवाल ने पुलिसकर्मियों को साथ लेकर आरोपी शिंदे को पैदल घुमाया। उसे घंटाघर तक पैदल लेकर गए। इस दौरान आरोपी शिंदे को देखने के लिए भीड़ लगी रही।
थाना प्रभारी धारवाल ने बताया कि आरोपी शिंदे पर पूर्व में बुरहानपुर जिले में एक केस दर्ज है। यह केस भी धार्मिक भावना भड़काने का है। आरोपी को एनएसए की कार्रवाई कर जेल भेज दिया है।