वर्ष 2024 में खराब हुई खरीफ फसलों की बीमा राशि को लेकर जिले के कई किसान आहत है। हजारों रुपए का बीमा प्रीमियम भरने के बाद खराब हुई फसलों का बीमा चंद सौ रुपए आया है। ऐसे ही एक व्यथित किसान ने मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचकर बीमा राशि के दो डिमांड ड्रॉफ्ट (डीडी) प्रधानमंत्री और मप्र के मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपे। किसान को 25 एकड़ में खराब हुई फसल का मुआवजा सिर्फ 1274 रुपए मिला है।
मंगलवार को संयुक्त कृषक संगठन के माध्यम से जनसुनवाई में पहुंचे किसान राजेंद्र पिता गुलाबचंद प्रजापति निवासी खंडवा ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम लेटर सहित 637-637 रुपए के डीडी कलेक्टर ऋषव गुप्ता को सौंपे। किसान राजेंद्र प्रजापति ने बताया कि उसने अपनी फार्मर आइडी 86783916 से वर्ष 2024 में खरीफ फसल का बीमा कराया था। जिसके लिए बीमा कंपनी को 30 हजार रुपए प्रीमियम जमा करके 25 एकड़ फसल का 3.50 लाख रुपए का बीमा कवर कराया था। मेरी पूरी फसल खराब हो गई और कंपनी ने मुझे सिर्फ 1274.80 रुपए बीमा राशि का भुगतान किया है। जो कि एक छलावा लग रहा है। अत: मैं व्यथित मन से इसकी आधी राशि पीएम और आधी राशि सीएम को डीडी के जरीए वापस भेज रहा हूं। इसे स्वीकार कर किसान का सम्मान करें और मुझे कृतज्ञ करें।