5 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

खंडवा

बारिश ने मचाई तबाही… कालमुखी में नाले में आई बाढ़, फंसे ग्रामीण, तीन महिलाएं बहीं, बचाया

-कच्चे मकान की दीवार गिरने से घर में सो रहे युवक की मौत -जावर में स्कूल के रास्ते में रपटे पर आए पानी से निकले विद्यार्थी

Google source verification

खंडवा

image

Manish Arora

Aug 21, 2025

एक तिहाई सीजन खत्म होने के बाद अब मानसून अपना रौद्र रूप दिखा रहा है। बुधवार को जिले के कई ब्लॉकों में तेज बारिश हुई, जिससे तबाही मच गई। मोहना के पास डूडगांव में कच्चे मकान की दीवार गिरने से घर में सो रहे व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, कालमुखी में कावेरी नदी के पानी से नाले में आई बाढ़ से हाट बाजार में आए ग्रामीण फंस गए। एक महिला बहते बहते बची, यहां रेस्क्यू कर ग्रामीणों को निकाला गया। जावर में भी तेज बारिश से रपटे पर आए पानी से जान जोखिम में डालकर स्कूली विद्यार्थी निकले।

बुधवार को खंडवा सहित पुनासा, मूंदी, जावर, ओंकारेश्वर क्षेत्र में सघन वृष्टि हुई। शहर में दोपहर 2 बजे से रिमझिम बारिश शुरू हुई जो देखते ही देखते तेज बारिश में बदल गई। करीब आधे घंटे की बारिश में सडक़ों पर पानी बह निकला। तीन पुलिया में पानी आने से यहां से कार निकाल रहे चालक का वाहन फंस गया, जैसे-तैसे वाहन चालक ने अपना वाहन निकाला। ग्राम जावर स्थित शासकीय स्कूल के रास्ते में आने वाले रपटे पर तेज बारिश से नाले का पानी आ गया। बच्चे स्कूल से निकले तो पानी देखकर घबरा गए। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को एक-एक कर वहां से निकाला।

सोते-सोते ही आ गई मौत
मोहना के पास ग्राम डूडगांव में मंगलवार रात अत्यधिक बारिश के चलते गोपीचंद पिता मदन यादव (39) के घर की कच्ची दीवार गिर गई। घर में गोपीचंद अकेला ही सो रहा था। दीवार गिरने से गोपीचंद दब गया और सोते-सोते ही मौत आ गई। बुधवार सुबह जब ग्रामीणों ने देखा तो दीवार गिरी हुई थी। लोगों ने मलबा हटाकर गोपीचंद को निकाला, लेकिन देर हो चुकी थी। नर्मदा नगर थाने के एसआइ राजेंद्र सयदे सूचना पर बल सहित मौके पर पहुंचे और पंचनामा कार्रवाई की। शव का पीएम कराकर परिजन को सौंपा।

तीन महिलाएं बहते-बहते बची
ग्राम कालमुखी में बुधवार को साप्ताहिक हाट बाजार लगा हुआ था, ग्रामीण खरीदी कर रहे थे। दोपहर रिमझिम बारिश शुरू हुई तो किसी ने ध्यान नहीं दिया। गांव का हाट बाजार नाले के पार लगता है। अचानक तेज बारिश के बाद कावेरी नदी का पानी नाले में भरा गया जिससे हाट बाजार मैदान में पानी आ गया। बाजार आई ग्रामीण महिलाओं सहित लोग रपटा पार कर गांव की ओर जाने लगे, लेकिन तेज बहाव के चलते तीन महिलाएं बहने लगी। साथ चल रहे लोगों ने किसी तरह से संभाला और दूसरी ओर ले गए। सूचना पर सरपंच मनीषा वर्मा, सरपंच प्रतिनिधि गोविंद वर्मा द्वारा अपने निजी ट्रैक्टर ट्रॉली भेजकर लोगों को रेस्क्यू कर निकाला। यहां तीन बाइक बह गई।

24 घंटों में जिले में हुई 7.2 मिमी औसत वर्षा
जिले में गत चौबीस घंटों में 7.2 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। इसमें खंडवा तहसील में 6 मिमी, पंधाना में 3, पुनासा में 5, हरसूद में 16 तथा खालवा तहसील में 6 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। गत वर्ष 20 अगस्त तक जिले में 585.2 मिमी औसत वर्षा हो चुकी थी। जबकि इस वर्ष अब तक जिले में 441 मिमी औसत वर्षा हो चुकी है।

आज भी ऐसा ही रहेगा मौसम
जिले में मानसून की सक्रियता गुरुवार से धीमी पड़ेगी। जिले में खंड वर्षा के चलते गुरुवार को कहीं तेज तो कहीं मध्यम से हल्की बारिश होने की संभावना है।
डॉ. सौरव गुप्ता, जिला कृषि मौसम इकाई प्रभारी